नाकेबंदी के दौरान 8 पिस्टल जिंदा कारतूस समेत 4 पकड़े – Amritsar News
भास्कर न्यूज | अमृतसर देहाती पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 मामलों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 6 पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, डीआरआई की सूचना पर दर्ज तीसरे मामले में दो अन्य पिस्टल बरामद होने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तीनों मामलों में कुल 8 पिस्टल बरामद हुए हैं। थाना लोपोके पुलिस ने गश्त के दौरान भुल्लर गांव के पास ईंट-भट्ठे के नजदीक दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। उनके कब्जे से चीन निर्मित नोरिन्को कंपनी की .30 माउजर पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव चोगावां निवासी अरशदीप सिंह और जुगराज सिंह उर्फ जागो के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सी तरह थाना घरिंडा पुलिस ने अटारी-झब्बाल रोड स्थित टी-पॉइंट पर नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पांच .30 बोर पिस्टल, मैगजीन और मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपियों की पहचान गांव डल्ल निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ लड्डू तथा गांव सोहल निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ सालू के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा डीआरआई अमृतसर के इंटेलिजेंस अफसर की सूचना पर थाना घरिंडा पुलिस ने एक अलग मामले में गांव मोड़े के पास से दो पिस्टल बरामद किए हैं। इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Source link

