चंडीगढ़ में युवक के पेट में चाकू घोंपा: दुकान से निकलते ही 5 हमलावरों ने घेरकर मारपीट की, लोगों को आता देखकर भागे – Chandigarh News

चंडीगढ़ में युवक के पेट में चाकू घोंपा:  दुकान से निकलते ही 5 हमलावरों ने घेरकर मारपीट की, लोगों को आता देखकर भागे – Chandigarh News



युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चंडीगढ़ के रामदरबार इलाके में रविवार शाम हाथी पार्क के पास एक मोबाइल शॉप के बाहर 5 युवकों ने 19 साल के युवक को घेरकर पहले जमकर पीटा और फिर उसके पेट में चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

.

गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने तुरंत सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH-32) में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल ठीक करवाकर दुकान से बाहर निकलते ही घेरा

अस्पताल में उपचाराधीन रामदरबार निवासी सन्नी (19) ने पुलिस को बताया कि वह रविवार शाम करीब 8:30 बजे अपने फूफा के साथ हाथी पार्क के पास स्थित मोबाइल शॉप पर फोन ठीक कराने गया था। फोन ठीक करवाने के बाद जैसे ही वह दुकान से बाहर निकला, तभी 5 युवकों ने उसे घेर लिया।

सन्नी के मुताबिक, आरोपियों ने बिना किसी खास वजह के उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोगों को कुछ समझ आता, इससे पहले ही हमलावरों ने उसके साथ मारपीट करते हुए हमला कर दिया।

भोंदू उर्फ ग्रिड ने पेट में घोंपा चाकू

पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावरों में शामिल भोंदू उर्फ ग्रिड ने चाकू निकालकर उसके पेट के बाईं ओर वार कर दिया। चाकू लगते ही सन्नी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया और खून बहने लगा। घटना के बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर इकट्ठा होने लगे। लोगों को आता देख पांचों आरोपी मौके से फरार हो गए।

वाराणसी का रहने वाला पीड़ित परिवार

सन्नी ने बताया कि उसका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला है। हालांकि, पिछले कई वर्षों से परिवार चंडीगढ़ के रामदरबार इलाके में रह रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घायल युवक के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *