जालंधर में वाहन की टक्कर से PAP जवान की मौत: जरूरी काम से जा रहे थे, 27वीं बटालियन में थे तैनात; आरोपी ड्राइवर की तलाश – Jalandhar News
जालंधर में सड़क हादसे में पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) के एक जवान की मौत हो गई। घटना सुच्ची पिंड के पास सोमवार देर रात हुई, जहां तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ड्राइवर की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान राज कुमार के रूप में हुई है। वह पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) की 27वीं बटालियन में तैनात थे। देर रात वह किसी जरूरी काम से जा रहे थे। जैसे ही राज कुमार सुच्ची पिंड के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। हालांकि अत्यधिक खून बहने और गंभीर चोटों के कारण राज कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस और SSF की त्वरित कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और थाना रामामंडी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। इसके बाद जवान के शव को कब्जे में लेकर नजदीकी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस थाना रामामंडी पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के समय सुच्ची पिंड और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज के माध्यम से दुर्घटनाग्रस्त वाहन के नंबर और आरोपी ड्राइवर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

