अमृतसर-नितिन हत्याकांड का आरोपी J&K से अरेस्ट: पुलिस ने चर्चित मर्डर केस की गुत्थी सुलझाई; वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा भी बरामद – Amritsar News
अमृतसर के कोट खालसा इलाके में हुए चर्चित नितिन उर्फ चीकू हत्याकांड की गुत्थी कमिश्नरेट पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि 6 जुलाई, 2026 की रात करीब 9 बजे नितिन उर्फ चीकू अपनी बहन से मिलने कोट खालसा गया था। बहन से मुलाकात के बाद जब वह मोटरसाइकिल पर वापस लौट रहा था, तभी एक्टिवा पर सवार 2 हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में नितिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मृतक के पिता के बयान के आधार पर थाना इस्लामाबाद में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। सीआईए स्टाफ की विशेष टीमें कर रही थीं जांच सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसीपी सेंट्रल, थाना इस्लामाबाद, एडीसीपी-1 और सीआईए स्टाफ की विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी महिकप्रीत सिंह को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया गया। रंजिशन वारदात को दिया अंजाम पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा भी बरामद कर ली गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे रंजिश थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर अंकुश बाहमन से जुड़ी पुरानी दुश्मनी के चलते नितिन उर्फ चीकू को निशाना बनाया।
Source link

