खजाना गेट एरिया का पीएचसी सीएस दफ्तर में खोला जा रहा – Amritsar News

खजाना गेट एरिया का पीएचसी सीएस दफ्तर में खोला जा रहा – Amritsar News



भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में प्रस्तावित 5 नए अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) में से एक की लोकेशन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सेहत विभाग ने भद्रकाली मंदिर (खजाना गेट) के बजाय अब सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में पीएचसी निर्माण के लिए जमीन की पैमाइश और एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उच्च अधिकारी इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर एक महीने के भीतर शुरू करना चाहते हैं लेकिन इस फैसले से विभाग के भीतर ही असहजता का माहौल है। कार्यालय के कर्मचारियों का कहना है कि यहां विभिन्न शाखाओं का बरसों पुराना रिकॉर्ड और गोपनीय दस्तावेज रखे हैं। मरीजों की भारी आवाजाही से दफ्तर की गोपनीयता और प्रशासनिक काम प्रभावित होगा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि खजाना गेट, बंगाली बस्ती, नवांकोट और फतेह सिंह कॉलोनी जैसे घने इलाकों की करीब 60 हजार जरूरतमंद आबादी को इस बदलाव से प्राथमिक स्वास्थ्य लाभ से वंचित होना पड़ेगा, जिनके लिए सिविल अस्पताल यहां से साढ़े 3 किलोमीटर दूर है। पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉर्पोरेशन (पीएचएससी) के चेयरमैन गुरशरण सिंह छीना ने कहा कि शहर में 5 नए अर्बन पीएचसी स्थापित किए जाने हैं। हालांकि, भद्रकाली मंदिर क्षेत्र के लिए प्रस्तावित पीएचसी को सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में शिफ्ट किए जाने संबंधी कोई जानकारी उन्हें विभाग की ओर से नहीं दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि वास्तव में ऐसा किया जा रहा है तो वह विभागीय अधिकारियों से इसका आधार पूछेंगे और जवाब-तलब करेंगे। उन्होंने कहा कि अर्बन पीएचसी का उद्देश्य उन क्षेत्रों के लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं देना है, जहां इसकी सबसे अधिक जरूरत है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *