अबोहर के होटल में 76 वर्षीय बुजुर्ग मृत मिले: पगड़ी पर डॉक्यूमेंट्री बनाते थे, कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ खुलासा – Abohar News
अबोहर के थाना रोड स्थित एक होटल में 76 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। बुजुर्ग शनिवार रात होटल में ठहरा था, लेकिन रविवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो वह बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने प्राकृतिक मौत की संभावना जताई है। मृतक की पहचान होशियारपुर के गांव चबेवाल निवासी जोगा सिंह (76) पुत्र हरदेव सिंह के रूप में हुई है। जोगा सिंह पगड़ी पर डॉक्यूमेंट्री बनाकर युवाओं को जागरूक करने का काम करते थे। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। जानकारी के अनुसार, जोगा सिंह शनिवार रात करीब 12 बजे अबोहर पहुंचे थे। देर रात होने के कारण उन्होंने बस स्टैंड के निकट स्थित एक होटल में कमरा लिया था। बताया गया कि वह बाहर खाना खाकर आए थे और केवल रात बिताने के लिए होटल में रुके थे। दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मियों ने लगाई आवाज रविवार सुबह जब काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो होटल कर्मियों ने उन्हें आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने और कमरा अंदर से बंद होने पर होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना थाना सिटी-1 पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई की। सूचना मिलते ही एएसआई अमनदीप सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर जोगा सिंह बिस्तर पर मृत पड़े थे। कमरे से एक खाली पानी की बोतल और बिस्कुट का पैकेट भी मिला। पुलिस ने उनके आधार कार्ड और मोबाइल फोन के माध्यम से पहचान की पुष्टि कर परिजनों से संपर्क किया। मृतक का बेटा होशियारपुर में है जांच में पता चला कि मृतक का बड़ा बेटा दिलप्रीत होशियारपुर में रहता है, जबकि दूसरा बेटा संदीप जर्मनी में है। संदीप की पत्नी मनजीत ने पुलिस को बताया कि जोगा सिंह पगड़ी पर डॉक्यूमेंट्री बनाने का कार्य करते थे और युवाओं को पगड़ी पहनने के लिए प्रेरित करते थे। इसी सिलसिले में वह विभिन्न शहरों की यात्राएं करते रहते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने और बयान दर्ज होने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

