कपूरथला मेयर ने नई टीम के साथ संभाला पदभार: कैबिनेट मंत्री मुंडिया बोले- 25 साल बाद ढहा कांग्रेस का किला, सरकार की नीतियों की जीत – Kapurthala News
कपूरथला नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर नरिंदर सिंह मंसू और उनकी टीम ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया और सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल विशेष रूप से पहुंचे। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी मौजूदगी में नई टीम ने शहर के विकास का संकल्प लेते हुए काम शुरू किया। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया के मौजूदगी में मेयर नरिंदर सिंह मंसू के साथ-साथ सीनियर डिप्टी मेयर कामाक्षी दुग्गल और डिप्टी मेयर समीर शर्मा ने भी कार्यभार संभाला। मंत्री मुंडिया ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार कपूरथला शहर के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिया कि नई टीम के आने से शहर की बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा और रुके हुए विकास कार्यों में तेजी आएगी। “क्या राणा गुरजीत सिंह जैसे प्रभावशाली नेता के साथ भी कोई धक्का कर सकता है?” कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया ने कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह द्वारा नगर निगम चुनाव को लेकर लगाए गए धांधली के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। मुंडिया ने इन आरोपों को सिरे से निराधार और हास्यास्पद बताते हुए कहा कि चुनाव पूरी तरह से लोकतांत्रिक और निष्पक्ष माहौल में हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया, “क्या राणा गुरजीत सिंह जैसे बड़े और प्रभावशाली नेता के साथ भी कोई धक्का या जबरदस्ती कर सकता है? सच्चाई यह है कि जनता अब कांग्रेस से ऊब चुकी है।” “कांग्रेस में काम तो किया, लेकिन ताकत ‘आप’ में आकर मिली”— मेयर कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और अब कपूरथला के प्रथम नागरिक बने मेयर नरिंदर सिंह मंसू ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई, सीवरेज व्यवस्था और जनता की रोजमर्रा की बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। मंसू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में रहते हुए भी मैंने शहर के लिए काफी काम किया, लेकिन वहां मुझे काम करने की अपेक्षित शक्ति (पावर) नहीं मिली। अब आम आदमी पार्टी से जुड़ने के बाद मैं स्वयं को अधिक सशक्त महसूस कर रहा हूँ और बिना किसी भेदभाव के जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरूँगा।”
25 साल बाद ढहा कांग्रेस का किला, मुख्यमंत्री मान की नीतियों की जीत कैबिनेट मंत्री मुंडिया और सांसद राजकुमार चब्बेवाल ने कहा कि कद्दावर नेताओं के ‘आप’ में शामिल होने से पार्टी को जमीनी स्तर पर बड़ी मजबूती मिली है। उन्होंने ऐतिहासिक तथ्य साझा करते हुए बताया कि पिछले 25 वर्षों से कपूरथला नगर निगम पर कांग्रेस का एकछत्र राज था, जो आज पूरी तरह से टूट गया है और नगर निगम पर ‘आप’ का कब्जा हुआ है। नेताओं ने इस ऐतिहासिक जीत का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत मान की जनहितैषी नीतियों और पारदर्शी शासन को दिया।
Source link

