जालंधर में लूट का विरोध करने पर मजदूर की हत्या: बिहार का रहने वाला है मजदूर, दातर से हत्या,बस स्टैंड पर वारदात – Jalandhar News

जालंधर में लूट का विरोध करने पर मजदूर की हत्या:  बिहार का रहने वाला है मजदूर, दातर से हत्या,बस स्टैंड पर वारदात – Jalandhar News




जालंधर के थाना लांबड़ा के अधीन आते कोटला गांव में आज सुबह-सुबह लूट के इरादे से आए बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां मोबाइल छीनने का विरोध करने पर लुटेरों ने एक 24 वर्षीय प्रवासी मजदूर पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली घटना आज सुबह करीब 5 बजे की है। मृतक मजदूर की पहचान सुनील कुमार शर्मा (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। सुनील फिलहाल लांबड़ा के ही गांव चुगावां में रह रहा था और मजदूरी करता था। रोज की तरह सुनील अपने एक अन्य साथी के साथ काम के सिलसिले में सुबह जल्दी निकला था। जब वे दोनों थाना लांबड़ा के अंतर्गत आते गांव कोटला के बस स्टैंड पर बैठे हुए थे, तभी अचानक वहां दो अज्ञात लुटेरे आ धमके। लुटेरों ने दोनों मजदूरों को घेर लिया और उनके मोबाइल फोन छीनने की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर उतारा मौत के घाट लुटेरों को देखकर एक प्रवासी मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। लेकिन सुनील कुमार शर्मा वहीं फंस गया। जब सुनील ने लुटेरों का बहादुरी से सामना किया और अपना मोबाइल देने से इनकार कर दिया, तो बदमाशों ने उस पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लुटेरों ने सुनील पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमले के बाद अत्यधिक खून बह जाने के कारण सुनील ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत घटना की सूचना मिलते ही थाना लांबड़ा की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस हत्या से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *