भास्कर न्यूज | लुधियाना काकोवाल रोड स्थित श्री प्रेम धाम में श्री प्रेम धाम ट्रस्ट द्वारा दीपावली पर्व मनाया गया। धाम के मुख्य संस्थापक और सर्वधर्म प्रचारक बंटी बाबा की पावन अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में ट्रस्ट के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विधि-विधान से महालक्ष्मी और प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी का पूजन संपन्न हुआ। इसके उपरांत समस्त ने सामूहिक रूप से दीप व मोमबत्तियां प्रज्वलित कर जनकल्याण, सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। पूजन समारोह के उपरांत श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रमुख संस्थापक बंटी बाबा ने कहा कि दिवाली का पावन पर्व अंतःकरण के अज्ञान रूपी अंधकार को खत्म कर सद्भाव, प्रेम और सेवा का प्रकाश फैलाने का संदेश देता है। समारोह में प्रमुख रूप से रवि गोयल, विनोद गोयल, योगेश मोदी, दीपक मोदी, अंश छाबड़ा, राजीव अरोड़ा, चिंटू चोपड़ा, ललित गोयल, रोहिन गोयल, तनुज शर्मा, अजय सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हुए।