- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- A Grand Tulsi Marriage Ceremony Will Be Held Today At The Only Sati Vrinda Devi Temple In Punjab.
नगर के ऐतिहासिक मोहल्ला कोट किशन चंद स्थित सती वृंदा देवी मंदिर आस्था, इतिहास और अद्भुत परंपराओं का अनूठा संगम हैं। 20 नवंबर को एकादशी के पावन अवसर पर इस सिद्ध मंदिर में भगवान शालीग्राम और माता तुलसी का भव्य विवाह रचाया जा रहा है। इस उत्सव का सबसे खास आकर्षण मंदिर से जुड़ी वे रहस्यमयी ऐतिहासिक कथाएं और अनोखी मन्नत परंपराएं हैं, जिनके लिए राज्य भर से श्रद्धालु यहां खिंचे चले आते हैं।
मंदिर के सेवादार प्रिंस सोंधी बताते हैं कि मोहल्ला कोट किशन चंद में असुरराज जलंधर की पत्नी देवी वृंदा का ऐतिहासिक मंदिर स्थित है। पुराणों के अनुसार, प्राचीन काल में जलंधर में 12 तालाब हुआ करते थे और शहर में नाव से प्रवेश होता था। इस मंदिर के बाहर भी एक विशाल तालाब था, जो मां अन्नपूर्णा मंदिर और ब्रह्मकुंड की सीमा को छूता था।
लोक मान्यता है कि इस मंदिर परिसर से एक प्राचीन गुफा सीधे हरिद्वार तक जाती थी। सती वृंदा मंदिर के समीप ही स्थित सिद्ध शक्तिपीठ मां अन्नपूर्णा मंदिर का इतिहास भी अत्यंत पावन है। प्रमुख सेवादार राजेश ज्योति के अनुसार, सतयुग में यहां माता सती का वाम स्तन गिरा था, जो आज भी पिंडी रूप में विराजमान है।
भविष्योत्तर पुराण के अनुसार, काशी के एक दरिद्र ब्राह्मण धनंजय को स्वप्न में मिले आदेश के पश्चात यहीं रत्न सिंहासन पर विराजमान मां अन्नपूर्णा के दिव्य दर्शन हुए थे। माता के आदेश पर ही उसने काशी विश्वनाथ मंदिर के दक्षिण में मंदिर की स्थापना की।
इसी कारण उत्तर भारत में मां अन्नपूर्णा के मात्र दो ही प्रसिद्ध मंदिर हैं, एक जालंधर में और दूसरा वाराणसी में। मंदिर से जुड़ी अन्य प्रमुख धार्मिक मान्यताएं विवाह की बाधा होती है दूर: जिन बच्चों की शादी में देरी या अड़चन आ रही हो, उनके इस उत्सव में शामिल होकर वृंदा जी का स्मरण करने और यज्ञशाला की परिक्रमा करने से विवाह के योग बनते हैं।
संतान सुख की प्राप्ति: मान्यता है कि मंदिर में सात चौपहर वृंदा जी की चौकी भरने से श्रद्धालुओं को संतान सुख की प्राप्ति होती है। परिवार में सुख-समृद्धि: कार्तिक माह में सपरिवार तुलसी-आंवला पूजन करने से घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
मंदिर प्रबंधकों के मुताबिक, कार्तिक मास में यहां आंवला पूजन और मेले की विशेष परंपरा सदियों से चली आ रही है। अपना पक्का घर (कोठी) बनाने की चाह रखने वाले श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में छोटी-छोटी ईंटों से अस्थायी कोठियां बनाकर मन्नत मांगते हैं। मुराद पूरी होने पर भक्त परिवार सहित मंदिर में माथा टेकने आते हैं।
इसके साथ ही, भगवान विष्णु के स्वरूप के रूप में आंवले के वृक्ष की पूजा करने के पश्चात श्रद्धालु उसी वृक्ष की छांव में बैठकर भोजन ग्रहण करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से साल भर के अन्न के दोष और विकार समाप्त हो जाते हैं।
20 नवंबर को दोनों मंदिरों में वर और वधू पक्ष की ओर से पूरे रीति-रिवाजों के साथ तुलसी विवाह संपन्न करवाया जाएगा, जिसमें पूरा नगर घराती और बाराती बनकर शामिल होगा। पौराणिक कथा के अनुसार, पत्नी वृंदा के सतीत्व के प्रताप से असुरराज जलंधर अजेय था।
जलंधर को परास्त करने हेतु भगवान विष्णु द्वारा छल से सतीत्व भंग किए जाने पर वृंदा ने क्रोध में भगवान विष्णु को पत्थर (शालीग्राम) बनने का श्राप दिया और खुद इसी स्थान पर सती हो गई थीं। वृंदा के त्याग से द्रवित होकर विष्णु जी ने वरदान दिया कि उनकी भस्म से उत्पन्न तुलसी का पौधा उन्हें सदैव प्रिय रहेगा और तुलसी दल के बिना उनकी कोई भी पूजा स्वीकार नहीं होगी।
उनकी भस्म से ही पवित्र तुलसी के पौधे का जन्म हुआ और भगवान विष्णु ने तुलसी को मां लक्ष्मी से भी अधिक प्रिय स्थान दिया। मान्यता है कि यहां लगातार 40 दिनों तक श्रद्धापूर्वक पूजा और अखंड जोत जगाने से हर मनोकामना पूरी होती है।
खबर अभी बाकी है!
- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट
खबर अभी बाकी है!
- मनचाहे अलर्ट
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट







