छठ पर्व पर घर जाने वाले मुसाफिरों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने लुधियाना रेलवे स्टेशन पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुसाफिरों को टिकट लेने से लेकर ट्रेन में बैठने तक कोई दिक्कत न हो इसके लिए स्टेशन पर खास इंतजाम किए गए हैं

सबसे बड़ी राहत यह है कि स्टेशन के बाहर एक विशाल टेंट लगाकर अस्थायी वेटिंग एरिया बनाया गया है और मुसाफिरों हेतु स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर मुसाफिरों की सुचारू आवाजाही और भीड़ नियंत्रण हेतु 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में एक बड़ा अस्थायी वेटिंग एरिया (टेंट) विकसित किया गया है। यात्रियों की सुविधा हेतु पीने के पानी, स्वच्छता (बाथरूम) और प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

विज्ञापनIn-Article Banner

इसके अतिरिक्त स्टेशन के MLCP साइड की तरफ एक अतिरिक्त प्रवेश द्वार बनाया गया है। यहाँ मुसाफिरों हेतु अलग से टिकट काउंटर बैठने की व्यवस्था और निर्धारित कीमत वाले कैटरिंग स्टॉल लगाए गए हैं।

मुसाफिरों हेतु चलाई स्पेशल ट्रेनें त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों की भीड़ को कम करने के लिए फिरोजपुर मंडल द्वारा कुल 15 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के 98 फेरे संचालित किए जा रहे हैं। लुधियाना से सीधे 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों तक जाएंगी:

  1. लुधियाना से सहरसा (04656/04658): यह ट्रेन 09, 10 और 11 नवंबर को संचालित की जाएगी।
  2. लुधियाना से दरभंगा (04662):10 और 11 नवंबर को चलेगी।
  3. लुधियाना से पूर्णिया (04660): 09 नवंबर को उपलब्ध रहेगी।
  4. लुधियाना से गया (04664): 12 नवंबर को चलेगी।
  5. वही आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियों का संचालन भी किया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: CCTV और वॉर रूम से हो रही निगरानी

स्टेशन पर भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों की स्पेशल ड्यूटी और अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। सुरक्षा हेतु रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी के सैनिक लगातार गश्त कर रहे हैं। स्टेशन परिसर की राउंड द क्लॉक (24 घंटे) मॉनिटरिंग CCTV कैमरों और फिरोजपुर मंडल कार्यालय में बने वॉर रूम से की जा रही है।

रेलवे की मुसाफिरों से खास अपील

  • धैर्य बनाए रखें, पर्याप्त स्पेशल रेलगाड़ियां उपलब्ध हैं; धक्का-मुक्की से बचें।
  • छत या पायदान पर बैठकर सफर करने पर कड़ाई से रोक है
  • किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ (पटाखे, पेट्रोल, गैस) लेकर ट्रेन में सफर न करें और स्टेशन पर धूम्रपान न करें।
  • स्टेशन और ट्रेन में स्वच्छता बनाए रखें और डिजिटल माध्यम से भुगतान को प्राथमिकता दें।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर