- Hindi News
- Local
- Punjab
- Pathankot
- Lineman Electrocuted In Madinpur Pathankot | Taragarh Police Investigation
जिला पठानकोट के थाना तारागढ़ के अंतर्गत आते गांव मदीनपुर में अपनी सरकारी ड्यूटी निभाते वक्त पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के एक लाइनमैन की करंट लगने से जान चली गई। मृतक की पहचान गांव गोबिंदसर निवासी लाइनमैन दीपक कुमार के रूप में हुई है।
थाना तारागढ़ में सहायक कार्यकारी अभियंता उपमंडल दीनानगर गुरजिंदर सिंह द्वारा दी गई प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 2 बजे के लगभग लाइनमैन दीपक कुमार 11 केवी हैबतपिंडी एपी फीडर के अंतर्गत ग्राम मदीनपुर (तारागढ़) में 100 केवी ट्रांसफार्मर के पोल पर सरकारी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट लगने से यह हादसा घटित हो गया।
चिकित्सालय में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटनास्थल पर साथ काम कर रहे साथी कर्मचारी लाइनमैन बलवीर चंद ने तुरंत वाहन का प्रबंध कर दीपक कुमार को उपचार हेतु नजदीकी केसीएम अस्पताल बेगोवाल (तारागढ़) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद साथी मुलाजिम द्वारा शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल चिकित्सालय पठानकोट के शवगृह में रखवाया गया।
तारागढ़ पुलिस ने शुरु की छानबीन
घटना की जानकारी मिलने पर थाना तारागढ़ के एएसआई सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ सिविल चिकित्सालय पठानकोट पहुंचे। पुलिस ने कहा कि फिलहाल महकमा की ओर से हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है, अतः मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने हेतु धारा 194 बीएनएसएस के तहत रपट दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।
पुलिस अफसरों के मुताबिक यदि भविष्य में महकमा की पड़ताल में इस हादसे हेतु किसी को कसूरवार ठहराया जाता है, तो उसके आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।







