- Hindi News
- Local
- Uttarakhand
- Dehradun
- Dehradun FIR Against Kangana Ranaut Over Fake Karwa Chauth Video Controversy
देहरादून में बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट और PM मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर FIR दर्ज की गई है। इल्जाम है कि कंगना के राजस्थान के मंदिरों में पूजा करने के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
पोस्ट में दावा किया गया कि कंगना ने 29 अक्टूबर को पीएम मोदी की लंबी उम्र हेतु करवा चौथ का व्रत रखा था। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर (X हैंडल और 4 इंस्टाग्राम रील्स संचालकों) के खिलाफ 16 नवंबर को राजपुर थाने में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने आईटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
शिकायत में बताया गया है कि वीडियो को इस प्रकार शेयर करने से महिला सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई जा रही है। साथ ही महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को बढ़ावा देने और करवा चौथ जैसी धार्मिक परंपरा का मजाक उड़ाकर भावनाएं आहत करने का भी आरोप लगाया गया है।
दरअसल, असली वीडियो 11 जून का है, जब कंगना एक आयोजन के सिलसिले में जोधपुर गई थीं। इसी बीच उन्होंने वहां के गणेश मंदिर, श्री चामुंडा माता मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। अब इसी पुराने वीडियो को गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है। पुलिस अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी जुटा रही है।
सिलसिलेवार ढंग से खबर…
1. 11 जून का वीडियो और 29 अक्टूबर का झूठा दावा- शिकायत के अनुसार, यह वीडियो 11 जून 2026 का है, जब कंगना रनौत एक कार्यक्रम के सिलसिले में राजस्थान के जोधपुर गई थीं। इसी बीच उन्होंने जोधपुर के गणेश मंदिर, श्री चामुंडा माता मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में दर्शन-पूजन कर केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वास्थ्य, सामर्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की थी।
2. करवा चौथ से जोड़कर किया वायरल- आरोप है कि 29 अक्टूबर 2026 से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और इंस्टाग्राम पर इस पुराने वीडियो को गलत संदर्भ और भ्रामक कैप्शन के साथ वायरल किया जा रहा है।
पोस्ट में झूठा दावा किया गया कि कंगना रनौत ने 29 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की लंबी उम्र हेतु करवा चौथ का वैवाहिक व्रत रखा था।
3. भाजपा महिला मोर्चा की राज्य मंत्री ने दर्ज कराई शिकायत- भाजपा महिला मोर्चा की राज्य मंत्री नेहा शर्मा ने 16 नवंबर को राजपुर थाने में लिखित शिकायत दी। उन्होंने X हैंडल @charsichacha12 ("Marwadi Chacha") के साथ-साथ चार इंस्टाग्राम रील्स (newsthan_news, awaz.channel, vidhisha_badkelwar और एक अन्य आईडी) का हवाला देते हुए इल्जाम लगाया कि सोची-समझी साजिश के तहत वीडियो की तारीख और संदर्भ से छेड़छाड़ की गई है।
4. गरिमा और धार्मिक भावनाओं को ठेस का आरोप- तहरीर में कहा गया है कि इस प्रकार की पोस्ट से एक महिला सांसद की गरिमा, सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई जा रही है और महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही, हिंदू मंदिरों की पूजा को गलत संदर्भ में पेश कर करवा चौथ जैसी धार्मिक परंपरा का मजाक उड़ाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होने और शांति भंग होने की आशंका भी जताई गई है।
3. डालनवाला प्रभारी निरीक्षक करेंगे पड़ताल, खंगाले जाएंगे IP एड्रेस- राजपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ IT एक्ट की धारा 66(C), 66(D) और BNS की धारा 79, 196(1), 196(2), 299, 318(4), 336(3), 340(2), 352, 353(2), 353(3), 356(1), 356(2), 61(2), 3(5) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मामले की जांच डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से संपर्क कर वीडियो साझा करने वाले अज्ञात खातों के स्वामियों, मूल अपलोडर और आईपी (IP) एड्रेस का विवरण जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खबर अभी बाकी है!
- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट
खबर अभी बाकी है!
- मनचाहे अलर्ट
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट







