- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Jagraon
- Jagraon Murder Case | Father Killed After Seeking Son Playing Cards
लुधियाना जिले के जगराओं में ताश खेल रहे बेटे को घर ले जाने पहुंचे पिता की हत्या के प्रकरण में थाना सुधार पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक अभियुक्त को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे हैं।
आरोपियों की पहचान खेमा राम निवासी राजस्थान, वरिंदर साहनी निवासी बिहार, हाल निवासी अकालगढ़ न्यू आबादी और लाल बाबू निवासी बिहार, हाल निवासी सुधार बाजार के रूप में हुई है। पुलिस ने खेमा राम को हिरासत में ले लिया है।
बेटे को बुलाने गए पिता से हुई हाथापाई
थाना सुधार के एसएचओ राजविंदरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में मृतक के बेटे नितीश कामत ने कहा कि 8 नवंबर को उसके पिता रघू कामत उसके भाई ज्योतिष कामत को घर चलने के लिए कहने पहुंचे थे। वहां खेमा राम, वरिंदर साहनी और लाल बाबू भी मौजूद थे। बेटे को घर ले जाने की बात पर पिता की आरोपियों के साथ बहस हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
बेसबॉल बैट से सिर किया वार
इल्जाम है कि इसी दौरान खेमा राम ने लकड़ी के बेसबॉल बैट से रघू कामत के सिर पर पीछे से वार कर दिया। गंभीर रूप से चोटिल रघू कामत को परिजन सिविल चिकित्सालय सुधार लेकर पहुंचे, जहां 9 और 10 नवंबर की मध्यरात्रि के बीच इलाज के बीच उसकी जान चली गई।
3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने नितीश कामती के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। एसएचओ ने जानकारी दी कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।







