- Hindi News
- Local
- Punjab
- Amritsar
- Fraud In The E Z Portal, Registrations Are Being Done At Lower Stamp Duty By Feeding Arbitrary Collector Rates.
सरकारी खजाने को राजस्व देने वाली जमीनों की रजिस्ट्रियों में ही सेंधमारी हो रही है। जिले की तहसीलों में ईजी-रजिस्ट्री पोर्टल के जरिए कलेक्टर रेट मनमाने तरीके से दर्ज कर कम कीमत पर रजिस्ट्रियां कराई जा रही हैं। दैनिक भास्कर पड़ताल में ऐसे 2 मामले मिले हैं, जिनमें जमीन की कीमत और रजिस्ट्री में दर्ज रकम के बीच बड़ा अंतर है। इस तरीके से सरकार को मिलने वाली स्टांप ड्यूटी भी कम जमा हो रही है।
पोर्टल पर कलेक्टर रेट और मार्केट वैल्यू के कॉलम में जीरो भरकर अपनी मर्जी की कीमत दर्ज करने का इल्जाम है। इससे जमीन की असल कीमत के मुकाबले रजिस्ट्री में दर्ज रकम काफी कम दिखाई जाती है। नतीजतन, सरकार को मिलने वाली स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस भी कम बनती है। सवाल यह है कि पोर्टल पर ऐसी एंट्री होने के बाद भी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कैसे हो रही है।
दो मामलों में कीमत और रजिस्ट्री की रकम में बड़ा अंतर पहला मामला राजासांसी तहसील के एक गांव का है। यहां लगभग 20 लाख रुपए में रजिस्ट्री करवाई गई। जबकि यह जमीन 50 से 60 लाख रुपए की थी। लगभग 6 महीने पहले ही इस जमीन की रजिस्ट्री हुई थी।
दूसरा प्रकरण अजनाला के एक गांव का है। यहां भी लगभग 25 लाख रुपए में जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई। जबकि इस जमीन की कीमत लगभग 1.24 करोड़ थी। यहां भी अफसरों की मिलीभगत से लाखों रुपए की अष्टाम ड्यूटी चोरी कर ली गई। जिससे सरकार को ही नुकसान हुआ। रजिस्ट्री की प्रक्रिया में सब-रजिस्ट्रार और जॉइंट सब-रजिस्ट्रार की मंजूरी जरूरी होती है।
ऐसे में सवाल उठता है कि कलेक्टर रेट और मार्केट वैल्यू के कॉलम में जीरो या कम कीमत दर्ज होने के बाद भी दस्तावेजों को मंजूरी कैसे मिल जाती है। बिना जांच के ऐसी रजिस्ट्रियों का होना निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्न खड़े करता है।
रायकोट, जगराओं और लुधियाना समेत पंजाब के अन्य इलाकों में भी इस तरह कम कीमत दिखाकर रजिस्ट्रियां करवाने के मामले सामने आने की बात कही जा रही है। इन मामलों में केस दर्ज होने की जानकारी है। अमृतसर में हाल ही में हुए ऑडिट के बीच कुछ वसीका नवीसों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। हालांकि, इन नोटिसों के पश्चात क्या कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट नहीं है।
ऑडिट में गड़बड़ी पकड़ी, कार्रवाई की जगह सेटिंग तहसीलों के कामकाज का सालाना ऑडिट होता है। आरोप है कि कम स्टांप ड्यूटी जमा होने के मामले पकड़ में आने के पश्चात भी जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती। कुछ महीने पहले ऑडिट टीम ने ऐसा ही एक प्रकरण पकड़ा था, जिसमें लाखों रुपए की स्टांप फीस कम जमा करवाई गई थी। मामला जॉइंट सब-रजिस्ट्रार तक पहुंचा। इल्जाम है कि कार्रवाई करने के बजाय संबंधित व्यक्ति के साथ करार कर लिया गया। लाखों रुपए से शुरू हुई बात कथित तौर पर हजारों रुपए में समाप्त हो गई।
ईजी-रजिस्ट्री पोर्टल पर वसीका नवीसों को आईडी और पासवर्ड दिए गए हैं। वे लॉगिन करके जमीन की रजिस्ट्री के लिए अप्वाइंटमेंट लेते हैं। इसके बाद न्यू डॉक्यूमेंट एंट्री में जाकर पार्ट-ए में जिला, तहसील, सर्किल और सब-रजिस्ट्रार की जानकारी भरते हैं। पार्ट-बी में प्रॉपर्टी का ब्योरा, खरीदने और बेचने वाले की जानकारी दर्ज की जाती है।
इसके बाद जमीन की कैटेगरी यानी एग्रीकल्चर, कमर्शियल या रेजिडेंशियल और मार्केट वैल्यू भरने के कॉलम आते हैं। आरोप है कि इन कॉलम में जीरो भरकर कंसिडरेशन अमाउंट में अपनी मर्जी की कीमत दर्ज कर दी जाती है। इसी रकम के आधार पर स्टांप ड्यूटी जमा करवाकर रजिस्ट्री करवा ली जाती है। इस प्रकार कलेक्टर रेट के हिसाब से जमीन का मूल्य दर्ज किए बिना कम कीमत पर दस्तावेज तैयार हो जाते हैं।
गलत सूचना से सरकार को नुकसान : महिंदर पाल एडवोकेट और वसीका नवीस महिंदर पाल गुप्ता का कहना है कि ईजी-रजिस्ट्री पोर्टल पर अप्वाइंटमेंट लेते वक्त जमीन का एरिया और कैटेगरी दर्ज करना आवश्यक होता है। जमीन एग्रीकल्चर, कमर्शियल या रेजिडेंशियल किस श्रेणी में आती है, इसकी सही सूचना देनी होती है। गलत सूचना दर्ज करके रजिस्ट्री करवाना गलत है। इससे सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचता है।
सरकार को ऐसे मामलों की छानबीन करवाकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। डीसी और एडीसी चुप डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह और एडीसी (ज) पल्लवी मिश्रा से फोन पर संपर्क कर पक्ष जानने की कोशिश की गई, किंतु उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद संदेश भेजकर भी उत्तर मांगा गया, परंतु कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
खबर अभी बाकी है!
- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट
खबर अभी बाकी है!
- मनचाहे अलर्ट
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट







