- Hindi News
- Local
- Punjab
- Firozpur
- Ferozepur Municipal Council Seals Defaulter Properties | Tax Recovery
प्रॉपर्टी टैक्स न भरने वाले बकायेदारों की प्रॉपर्टी सील करने पहुंचे नगर निगम की टीम।
फिरोजपुर में प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराने वालों के खिलाफ शहर कौंसिल ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को ईओ मनिंदरपाल के नेतृत्व में टीम बकायेदारों की व्यावसायिक इमारतों को सील करने पहुंची।
सीलिंग की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ मालिकों ने मौके पर ही भुगतान कर दिया। बैंक ऑफ इंडिया ने 50 हजार रुपये जमा कराए, जबकि एक शोरूम मालिक ने 86 हजार रुपये का चेक दिया। एक मैरिज पैलेस पर सात वर्ष से 7.81 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया मिला। शहर कौंसिल ने बकाया वसूली हेतु आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
सीलिंग की तैयारी देख बैंक ने मांगा दो घंटे का समय
ईओ मनिंदरपाल ने जानकारी दी कि कई बकायेदारों को तीन बार नोटिस दिए जा चुके हैं, मगर इसके बावजूद उन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया। बुधवार को टीम सबसे पहले बैंक ऑफ इंडिया की इमारत पर पहुंची।
वहां सील लगाने की तैयारी देखकर बैंक अधिकारियों ने दो घंटे का समय मांगा और 50 हजार रुपये जमा कराए। अधिकारियों के अनुसार, बैंक पर कुल 1.21 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।
इसके पश्चात टीम ऊधम सिंह चौक स्थित एक शोरूम पहुंची। अधिकारियों ने शटर बंद करवाकर तालों पर सील लगाने की प्रक्रिया शुरू की तो लगभग एक घंटे के भीतर शोरूम मालिक ने 86 हजार रुपये का चेक सौंप दिया।
मैरिज पैलेस पर बकाया 7.81 लाख, संचालक ने मांगा समय
टीम ग्रैंड विला मैरिज पैलेस भी पहुंची। यहां सात साल से 7.81 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। घटनास्थल पर रस्म पगड़ी होने की वजह से अधिकारी सील नहीं लगा सके। पैलेस मालिक ने 28 नवंबर तक टैक्स जमा कराने का समय मांगा, जिसे शहर कौंसिल ने मंजूर कर लिया। वहीं, एक शटरिंग स्टोर के संचालक ने भी भुगतान हेतु वक्त मांगा।
शहर कौंसिल लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रही है। इसके चलते कर्मियों को वेतन देने में भी दिक्कत आ रही है। अफसरों के मुताबिक, इसी वजह से बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली का अभियान तेज किया गया है। उन्होंने कहा कि टैक्स जमा नहीं कराने वाले अन्य बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।







