- Hindi News
- Local
- Punjab
- Firozpur
- Firozpur Youth Death Case | Family Protest Against Police Torture Allegation
फिरोजपुर के जीरा क्षेत्र में 19 वर्षीय जश्नदीप की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मृत्यु के पश्चात परिजनों ने शव सड़क पर रखकर धरना दिया। परिवार ने थाना कुलगढ़ी पुलिस पर हिरासत में मारपीट और टॉर्चर करने का इल्जाम लगाया। उन्होंने निष्पक्ष पड़ताल और कार्रवाई की मांग की।
जीरा निवासी युवक जश्नदीप के परिजनों के अनुसार, 17 तारीख को कुलगढ़ी पुलिस एक प्रकरण में रेड करने गांव पहुंची थी। जश्नदीप यह देखने घर से बाहर निकला था कि पुलिस किसके घर आई है।
परिजनों का आरोप- शक के आधार पर पकड़ा
परिवार का इल्जाम है कि पुलिस ने शक के आधार पर उसे पकड़ा और गाड़ी में अपने साथ ले गई। गांव के लोगों ने उसे निर्दोष बताते हुए छोड़ने की अपील की थी।
जश्नदीप की मां सरबजीत कौर के अनुसार, 18 तारीख को जश्नदीप की तबीयत बिगड़ी। उसे पहले एक अस्पताल और फिर मोगा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उसकी हालत बिगड़ती गई और 26 तारीख को उसकी जान चली गई। इसके बाद परिजनों ने शव शेर वाला चौक पर रखकर धरना शुरू किया।
इंस्पेक्टर ने आरोपों को नकारा, बोले- पुलिस पोस्टमार्टम कराने को तैयार
वहीं, इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने बताया कि जश्नदीप को एक मुकदमे की जांच के सिलसिले में पूछताछ हेतु थाने लाया गया था। पूछताछ के पश्चात उसे उसके वारिसों के हवाले कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि युवक पहले से बीमार था और गुर्दों की बीमारी से पीड़ित था। 19 तारीख को तबीयत खराब होने पर उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां 26 तारीख को उसकी मौत हुई।
इंस्पेक्टर ने मारपीट और टॉर्चर के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि परिवार पोस्टमार्टम करवाना चाहता है तो पुलिस इसके लिए तैयार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







