फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। जेल प्रशासन की ओर से विभिन्न बैरकों में सर्च अभियान चलाने के दौरान 8 टच स्क्रीन और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस मामले में जेल प्रशासन की शिकायत पर 2 कैदियों और 5 हवालातियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में जेल के सहायक अधीक्षक भिवम तेज सिंगला ने जानकारी दी कि जेल कर्मियों की टीम के साथ विभिन्न बैरकों की तलाशी ली गई थी। इस दौरान हवालाती गुरप्रीत सिंह निवासी मोगा, कैदी अर्शदीप सिंह निवासी फिरोजपुर, हवालाती गगनदीप सिंह उर्फ गोरा निवासी श्री अमृतसर साहिब, हवालाती जगप्रीत सिंह निवासी मोगा, हवालाती हरजीत सिंह उर्फ मोटा निवासी मोगा, कैदी अर्शदीप सिंह निवासी बरनाला और हवालाती अमनदीप सिंह निवासी अबोहर से कुल 9 मोबाइल फोन बरामद हुए। प्रोडक्शन वारंट पर लेकर होगी पूछताछ प्रकरण के छानबीन अफसर एएसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर सातों आरोपियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अब आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। पड़ताल के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल किस मकसद से किया जा रहा था और इन्हें जेल के अंदर कैसे पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि यदि छानबीन में किसी जेल अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी और उसे प्रकरण में नामजद कर गिरफ्तार किया जाएगा।