- Hindi News
- Local
- Punjab
- Amritsar
- Shopkeepers Claim They Paid 18 To 19 Lakh Rupees In Fees But Were Denied Connection; Orders To Disconnect Temporary Connections
रानी का बाग स्थित पुडा-अनुमोदित कैनाल कॉलोनी में कमर्शियल एससीओ (शॉप-कम-ऑफिस) प्लॉट मालिकों और बिजली विभाग के बीच बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद गहरा गया है। पिछले डेढ़ से 3 वर्षों से स्थायी बिजली कनेक्शन हेतु सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे दुकानदारों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। दुकानदारों ने बिजली महकमा के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर पुडा और पावरकॉम के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी दुकानदारों बलहार सिंह और राजासांसी निवासी बलजिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में करोड़ों रुपए खर्च कर पुडा-अनुमोदित कॉलोनी में कमर्शियल प्लॉट खरीदे थे। उनका आरोप है कि भवन निर्माण के बीच अस्थायी बिजली कनेक्शन हेतु आवेदन करने के बाद भी उन्हें बिजली उपलब्ध नहीं करवाई गई।
मजबूरन उन्हें जनरेटर और अन्य साधनों से महंगे खर्च पर बिजली का इंतजाम करना पड़ा। अब इमारतें तैयार होने के बाद भी स्थायी कनेक्शन नहीं दिए जा रहे। दुकानदारों के अनुसार, वे करीब 18 से 19 लाख रुपए की फीस जमा करवा चुके हैं, फिर भी उन्हें पुडा और बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर कटवाए जा रहे हैं।
दुकानदारों ने सवाल उठाया कि जब इसी कॉलोनी में कुछ अन्य एससीओ मालिकों के पास बिजली मीटर लगे हुए हैं और वे कारोबार कर रहे हैं, तो उन्हें कनेक्शन क्यों नहीं दिए जा रहे। उन्होंने लिखित आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी।
बिजली विभाग के एसओ सर्कल के अधीक्षण अभियंता अजीतपाल सिंह मुल्तानी ने कहा कि महकमा सप्लाई कोड-24 के दिशा-निर्देशों के मुताबिक काम कर रहा है। कैनाल कॉलोनी के दूसरे चरण (फेज-2) के लिए पुडा ने एनओसी हेतु आवेदन किया है। नियमों के मुताबिक, जब तक पुडा एनओसी की शर्तें पूरी नहीं करता और बिजली का बुनियादी ढांचा महकमा को नहीं सौंपता, तब तक स्थायी बिजली कनेक्शन जारी नहीं किए जा सकते।







