- Hindi News
- Local
- Chandigarh
- Chandigarh Cyber Fraud Case | Accused Vansh Gupta Bail Rejected
फर्म के खाते से साइबर ठगी के जरिए निकाले गए 18.36 लाख रुपए अभियुक्त वंश गुप्ता ने चेक के जरिए अपने स्तर पर निकलवाए थे। बैंक स्टेटमेंट में यह बात सामने आने के पश्चात चंडीगढ़ कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी।
अभियुक्त पर फर्म के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) की फर्जी व्हाट्सऐप प्रोफाइल बनाकर अकाउंट ऑफिसर से 1.96 करोड़ रुपए ट्रांसफर करवाने के प्रकरण में शामिल होने का आरोप है।
एडिशनल सेशन जज अरविंद कुमार की कोर्ट ने बताया कि साइबर अपराध बढ़ रहे हैं और आरोपी की सक्रिय भूमिका को देखते हुए उसे जमानत का लाभ नहीं दिया जा सकता।
क्या है पूरा प्रकरण, जानिए…
- अकाउंट ऑफिसर नेहा से संपर्क किया: पुलिस के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप नंबर 6026870882 पर फर्म के MD रंजन जैन की फोटो और प्रोफाइल का इस्तेमाल कर अकाउंट ऑफिसर नेहा से संपर्क किया।
- 1.96 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने को कहा: उसने MD बनकर एक बैंक खाते में 1.96 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने को बताया। नेहा ने बताए गए खाते में रकम भेज दी। अगले दिन ट्रांजेक्शन के बारे में पूछताछ करने पर ठगी का पता चला।
- 17 अप्रैल को FIR दर्ज की गई: कंपनी की ओर से साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी गई और 17 अप्रैल को FIR दर्ज की गई। पड़ताल में सामने आया कि ठगी की रकम में से 18.36 लाख रुपए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में ट्रांसफर हुए थे।
- यह खाता सुमित प्रजापति के नाम पर खुला मिला: बैंक के केवाईसी दस्तावेजों में यह खाता सुमित प्रजापति के नाम पर खुला मिला। बैंक स्टेटमेंट के अनुसार, 15 अप्रैल को इस खाते से पूरी 18.36 लाख रुपए की रकम वंश गुप्ता ने चेक के जरिए निकलवाई थी। पुलिस ने अभियुक्त को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। तब से वह न्यायिक हिरासत में है।
आगरा में 22.92 लाख ठगी के केस में भगोड़ा सरकारी वकील ने अदालत में जानकारी दी कि आरोपी आगरा के साइबर क्राइम थाने में दर्ज एक अन्य एफआईआर में भी भगोड़ा है। उस प्रकरण में 22.92 लाख रुपए की साइबर ठगी का आरोप है। अदालत ने यह भी नोट किया कि मौजूदा प्रकरण का सह-आरोपी संजय भाटी अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है।
जमानत याचिका खारिज कर दी गई अदालत ने कहा कि अभियुक्त के खाते में ठगी की रकम पहुंचने और उसके चेक से रकम निकलवाने की बात बैंक स्टेटमेंट से सामने आई है। अपराध की गंभीरता और अभियुक्त की सक्रिय भूमिका को देखते हुए उसे नियमित जमानत नहीं दी जा सकती। इसी आधार पर 25 नवंबर को उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई।







