अमृतसर | मौसम बदलने पर वातावरण में नमी, ठंडी हवा और प्रदूषण बढ़ने से खांसी, जुकाम, सांस फूलना, एलर्जी, गले का इंफेक्शन और वायरल बुखार तेजी से फैलते हैं। वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक प्रो. डॉ. भूपिंदर सिंह अरोड़ा के अनुसार, यह वक्त कफ-वात के असंतुलन का होता है, जिससे शरीर की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है। डॉ. अरोड़ा ने बताया कि आयुर्वेद बीमारी होने के पश्चात ही नहीं, बल्कि पहले से शरीर को मजबूत कर रोगों को रोकता है। तुलसी, अदरक, मुलेठी, वासा, हल्दी और पिप्पली जैसे हर्ब्स सांस की नली को खोलते हैं और इंफेक्शन से लड़ने की क्षमता बढ़ाते हैं। मौसम बदलते वक्त च्यवनप्राश, अगस्त्य हरितकी, सितोपलादि चूर्ण, त्रिकटु, वासा घृत और हर्बल काढ़ा लाभकारी हैं। ये बलगम को कंट्रोल कर फेफड़ों को मजबूत करते हैं। बच्चे इंफेक्शन, एलर्जी की चपेट में जल्दी आते हैं। उन्हें च्यवनप्राश, तुलसी-अदरक का हल्का काढ़ा, रात को हल्दी वाला दूध दें। पैरों में सरसों के तेल की मालिश करें तथा धूल, ठंडी हवा, कोल्ड ड्रिंक्स से दूर रखें।