- Hindi News
- Local
- Punjab
- Amritsar
- Amritsar Police Arrest Smugglers | Seize Weapons & Heroin Network
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हथियारों और नशे की तस्करी से जुड़े चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने चार अलग-अलग ऑपरेशन में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 9 पिस्तौल, 13 कारतूस और 1.313 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने 60 हजार रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पड़ताल में आरोपियों के विदेश में बैठे हैंडलरों से संपर्क होने की बात सामने आई है। चारों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और छानबीन शुरू कर दी गई है।
चार ऑपरेशन में सात अभियुक्त गिरफ्तार
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हथियारों और नशे की तस्करी से जुड़े चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन लाल (42), निवासी गांव चीचा, अमृतसर; मनजीत सिंह उर्फ बीटा (33), निवासी ग्राम हेर, अमृतसर; जसबीर सिंह उर्फ बॉबी (24) और गुरलाल सिंह (26), निवासी अटारी, अमृतसर; शुभम भंडारी (32), निवासी ग्वाल वाली, अमृतसर; गुरभेज सिंह उर्फ भेजा (33), निवासी राजासांसी, अमृतसर; और पवनदीप सिंह उर्फ साहिल (18), निवासी ग्राम नौशहरा ढल्ला, तरनतारन के रूप में हुई है।
पहले ऑपरेशन में हेरोइन और ड्रग मनी बरामद
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने जानकारी दी कि पहले ऑपरेशन में पुलिस ने पुख्ता जानकारी के आधार पर रोशन लाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.313 किलोग्राम हेरोइन और 60 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
दूसरे और तीसरे ऑपरेशन में चार अभियुक्त पकड़े
दूसरे ऑपरेशन में थाना छेहरटा की पुलिस टीमों ने खुफिया सूचना के आधार पर मनजीत सिंह उर्फ बीटा को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। तीसरे ऑपरेशन में पुलिस ने जसबीर सिंह उर्फ बॉबी, गुरलाल सिंह और शुभम भंडारी को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस मिले।
चौथे ऑपरेशन में दो अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, चौथे ऑपरेशन में थाना रणजीत एवेन्यू की टीमों ने गुरभेज सिंह उर्फ भेजा और पवनदीप सिंह उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
विदेशी हैंडलरों से संपर्क की जांच
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अभियुक्त विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे।
पुलिस के अनुसार, ये हैंडलर आपराधिक तत्वों को आगे सप्लाई करने हेतु अवैध हथियार और नशीले पदार्थ मुहैया कराते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ हथियारों और नशे की तस्करी की कड़ियों की जांच कर रही है।
चार एफआईआर दर्ज
पुलिस ने चारों ऑपरेशन के संबंध में अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इनमें से तीन एफआईआर थाना छेहरटा में दर्ज हैं। पहली एफआईआर नंबर 282, दिनांक 12 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21-बी, 21-सी, 27-ए और 29 के तहत दर्ज की गई।
दूसरी एफआईआर नंबर 289, दिनांक 16 नवंबर 2026 और तीसरी एफआईआर नंबर 291, दिनांक 18 नवंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 25(6,7,8) के तहत दर्ज हुई हैं। चौथी एफआईआर नंबर 173, दिनांक 20 नवंबर 2026 को थाना रणजीत एवेन्यू में आर्म्स एक्ट की धारा 25(6,7,8) के तहत दर्ज की गई है।







