पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा की जमानत के लिए अरदास: परिवार-पार्षद पहुंचे गुरु घर, कल कोर्ट में सुनवाई; AAP नेताओं ने की रिहाई की कामना – Ludhiana News
लुधियाना में आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब के वरिष्ठ नेता हलका पश्चमी से विधायक और पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा की जमानत याचिका पर 15 जून को होने वाली अदालत की सुनवाई से पहले आज लुधियाना स्थित छठी पातशाही गुरुद्वारा साहिब में विशेष अरदास की गई। इस दौरान पार्टी के जिला प्रधान, पार्षदों और अन्य नेताओं ने संजीव अरोड़ा की जल्द जमानत और सुरक्षित घर वापसी की कामना की। AAP नेताओं ने कहा कि संजीव अरोड़ा लंबे समय से जनता की सेवा करते आ रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि अदालत से उन्हें राहत मिलेगी, ताकि वह दोबारा लोगों के बीच लौटकर अपने अधूरे कार्यों को पूरा कर सकें। 9 मई को ED ने किया गिरफ्तार गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 9 मई 2026 को पंजाब के मंत्री और AAP नेता संजीव अरोड़ा को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। केंद्रीय एजेंसी का आरोप है कि यह मामला करीब 100 करोड़ रुपए की संदिग्ध GST लेन-देन और फर्जी बिलिंग से जुड़ा है। ED के मुताबिक, हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड (HSRL) और उससे जुड़ी कंपनियों के माध्यम से कथित तौर पर फर्जी खरीद-बिक्री और GST अनियमितताओं को अंजाम दिया गया। एजेंसी का दावा है कि संजीव अरोड़ा उस समय कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर थे, जब ये कथित लेन-देन हुए। ED ने अरोड़ा को चंडीगढ़ में पूछताछ और तलाशी अभियान के बाद गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां पहले ईडी रिमांड और फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल उनकी जमानत याचिका पर 15 जून को सुनवाई होनी है। वहीं, आम आदमी पार्टी लगातार इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार देती रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि संजीव अरोड़ा को जल्द राहत मिलेगी।
Source link

