फाजिल्का में पानी निकासी को लेकर दो पक्ष भिड़े: खाली की खुदाई पर विवाद, 5 घायल, मारपीट का वीडियो वायरल – Fazilka News
फाजिल्का के गांव जांडवाला मीरा सांगला में गंदे पानी की निकासी के लिए गली में खाली (नाली) बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जिसमें करीब पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव के सरपंच छिंदर सिंह ने बताया कि गांव में घरों के सामने से गुजरने वाली पुरानी नालियां काफी गहरी थीं और वर्षों पहले बंद कर दी गई थीं। करीब छह महीने पहले पंचायत की ओर से गांव के विकास कार्यों के तहत सड़क की दूसरी तरफ नई नालियों का निर्माण करवाया गया था। इसी दौरान एक घर के गंदे पानी की निकासी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों पर हुई लड़ाई सरपंच के अनुसार, संबंधित परिवार को पानी की निकासी के लिए सड़क के नीचे पाइप डालकर दूसरी तरफ बनी नाली से जोड़ने का सुझाव दिया गया था, लेकिन उन्होंने गली में खाली बनाकर पानी निकालने की मांग की। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद बढ़ गया। मामला पहले थाने भी पहुंचा था, जहां समाधान के लिए दो दिन का समय लिया गया था। बताया जा रहा है कि खाली की खुदाई शुरू होने पर सामने रहने वाले परिवार ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। झगड़े में दोनों पक्षों के करीब पांच लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link

