पावरकॉम ने जगराओं सेवा केंद्र की बिजली काटी: कामकाज ठप होने पर लोग बैरंग लौटे; SDO बोले-बिल भरने पर मिलेगी बिजली – Jagraon News
लुधियाना जिले के जगराओं के सेवा केंद्र में प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। बिजली बिल का भुगतान समय पर नहीं होने के कारण पावरकॉम ने बिजली आपूर्ति काट दी। इससे पूरा सेवा केंद्र अंधेरे में डूब गया और सभी ऑनलाइन तथा सरकारी कामकाज ठप हो गए। दूर-दराज के गांवों से आए सैकड़ों लोगों को घंटों इंतजार के बाद बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने से केंद्र में कंप्यूटर, इंटरनेट आधारित सेवाएं और अन्य ऑनलाइन प्रक्रियाएं पूरी तरह बंद हो गईं। सुबह से ही केंद्र पर पहुंचे लोगों की लंबी कतारें लगी थीं, लेकिन बिजली न होने के कारण कोई भी कार्य नहीं हो सका। लोगों ने इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार आम नागरिकों से समय पर बिल भुगतान की अपेक्षा करती है, जबकि सरकारी कार्यालय स्वयं अपने बिल जमा नहीं कर रहे हैं। इस घटना के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष देखा गया। गुरमेल सिंह मल्ला और गुरमीत सिंह भम्मीपुरा जैसे स्थानीय निवासियों ने कहा कि यदि सरकारी विभाग ही अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करेंगे, तो आम जनता से नियमों के पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने इस मामले की गहन जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। भुगतान होते ही आपूर्ति बहाल होगी: पावरकॉम पावरकॉम के एसडीओ गुरप्रीत सिंह कंग ने बताया कि अधिकांश सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगे हुए हैं। यदि किसी स्मार्ट मीटर उपभोक्ता के खाते में पर्याप्त राशि नहीं होती या बिल का भुगतान नहीं किया जाता, तो बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाती है। भुगतान होते ही आपूर्ति तुरंत बहाल कर दी जाती है। बिजली बिल जमा कर दिया: इंचार्ज नवदीप वहीं, सेवा केंद्र के इंचार्ज नवदीप शर्मा ने बताया कि बिजली बिल जमा कर दिया गया है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर में एडवांस राशि बनाए रखना आवश्यक होता है, इसी कारण यह तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई।
Source link

