लुधियाना डीसी की अफसरों को कड़ी चेतावनी: बोले-व्यापारियों की शिकायतें तुरंत सुलझाएं, वरना कार्रवाई झेलने को तैयार रहें – Ludhiana News
पंजाब सरकार के शिकायत पोर्टल पर व्यापारियों की तरफ से आने वाली शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) हिमांशु जैन ने शनिवार को सभी सरकारी विभागों के बड़े अफसरों के साथ एक अहम मीटिंग की। मीटिंग में डीसी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि व्यापारियों की जायज समस्याओं को सुलझाने में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी अफसर ने काम लटकाने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बैठक में मौजूद सभी महकमों के प्रमुखों को कड़े लहजे में कहा कि पंजाब सरकार राज्य में व्यापार और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह गंभीर है। ऐसे में जमीनी स्तर पर दुकानदारों और व्यापारियों को आने वाली हर छोटी-बड़ी दिक्कत का समाधान सबसे पहले होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि शिकायतें एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर चक्कर काटती रहती हैं और इस टालमटोल की वजह से काम लटके रहते हैं, लेकिन अब अफसरों का ऐसा ढीला रवैया बिल्कुल नहीं चलेगा। आपसी तालमेल बेहतर करने और तुरंत एक्शन के निर्देश डीसी ने सभी सरकारी विभागों को आपस में मिलकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जब तक अलग-अलग महकमों के अधिकारी आपस में तालमेल नहीं बिठाएंगे, तब तक किसी भी समस्या का तुरंत हल निकलना मुमकिन नहीं है। व्यापारियों की कई शिकायतें ऐसी होती हैं जिनमें एक से ज्यादा विभागों का जुड़ाव होता है, इसलिए अफसरों को आपस में बात करके फाइलों को आगे बढ़ाना होगा ताकि व्यापारियों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और काम तेजी से हो सके। इन प्रमुख विभागों को दिए गए पेंडिंग काम निपटाने के आदेश मीटिंग के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने जिले के कई महत्वपूर्ण विभागों के काम की समीक्षा की और उन्हें पेंडिंग पड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। डीसी ने कहा कि इन विभागों से जुड़ी काफी शिकायतें पेंडिंग हैं। बिजली बोर्ड (PSPCL): बिजली कनेक्शन और बिलों से जुड़ी व्यापारियों की पुरानी शिकायतों को फौरन दूर किया जाए। नगर निगम: बाजारों की साफ-सफाई, पीने के पानी और सड़कों से जुड़े मुद्दों को तुरंत सुलझाया जाए। पुलिस विभाग: व्यापारिक इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए और व्यापारियों की शिकायतों पर तुरंत एक्शन लिया जाए। नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI): हाईवे और मुख्य सड़कों से जुड़े रुके हुए कामों को तेजी से पूरा किया जाए। इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट और ग्लैडा (GLADA): व्यापारिक प्रॉपर्टी और विकास कार्यों से जुड़े मामलों का समय पर निपटारा हो। वॉटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड: पानी की किल्लत और सीवरेज जाम होने जैसी रोजमर्रा की समस्याओं को तय समय में ठीक किया जाए। हर हफ्ते होगी समीक्षा, सीधे तौर पर तय होगी अफसरों की जवाबदेही डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि हमारा मकसद हर शिकायत का साफ-सुथरे तरीके से और समय पर निपटारा करना है। व्यापारियों और सरकार के बीच की दूरी को कम करने के लिए प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है ताकि लोगों को सही समय पर सरकारी सेवाएं मिल सकें। उन्होंने साफ किया कि वह खुद हर हफ्ते पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की जांच करेंगे। नियमित निगरानी के जरिए लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी, जिससे काम की रफ्तार बढ़ेगी और व्यापारियों का भरोसा भी जीतेगा। मीटिंग में ये सभी बड़े अधिकारी रहे मौजूद जिला प्रशासनिक परिसर में हुई इस हाई-लेवल मीटिंग में प्रशासन के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से ग्लैडा के मुख्य प्रशासक ओजस्वी अलंकार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (एडीसी) पूनम सिंह, एडीसी अमित बांबी, डॉ. नरिंदर सिंह धालीवाल शामिल हुए। इनके अलावा एसडीएम जसलीन कौर भुल्लर, एसडीएम उपिंदरजीत कौर बराड़, एसडीएम प्रीत इंदर बैंस, एसडीएम खुशप्रीत सिंह, एस्टेट ऑफिसर अमन गुप्ता, जॉइंट कमिश्नर विनीत कुमार, जॉइंट कमिश्नर तपन भनोट के साथ-साथ अलग-अलग विभागों के मुखिया भी मौजूद रहे। डीसी ने सभी को कड़े निर्देश देकर मीटिंग खत्म की कि अगली बार वह काम पेंडिंग रहने का कोई बहाना नहीं सुनेंगे।
Source link

