लुधियाना में वर्क वीजा का झांसा देकर 13.50 लाख ठगे: ट्रैवल एजेंट ने टैक्सी ड्राइवर को दिखाए बड़े सपने; रिफ्यूजल आने के बाद मुकरा – Ludhiana News
लुधियाना में इटली वर्क वीजा लगवाने और विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13.50 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी ट्रैवल एजेंट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ट्रेवल एजेंट अभी फरार है। शिकायतकर्ता सरबजीत सिंह निवासी इस्लामगंज ने पुलिस को बताया कि आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ शेरा निवासी मकान नंबर 2343/6, मोहल्ला इस्लामगंज, उनके घर के नजदीक ही रहता है। वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। दिल्ली से लुधियाना आते समय टैक्सी ड्राइवर को दिखाए विदेश के सपने सरबजीत सिंह के अनुसार, एक दिन उनका भतीजा चन्नप्रीत सिंह अमरजीत सिंह को दिल्ली से टैक्सी में लेकर वापस लुधियाना आ रहा था। सफर के दौरान अमरजीत ने चन्नप्रीत को अपनी बातों में लेकर इटली भेजने और वहां कंस्ट्रक्शन कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने कहा कि पूरे काम पर करीब 13 से 14 लाख रुपये का खर्च आएगा और वह सभी औपचारिकताएं पूरी कर देगा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कुल 13.50 लाख रुपये ऑनलाइन अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। पैसे लेने के बाद भी न तो वीजा की प्रक्रिया पूरी हुई और न ही चन्नप्रीत को विदेश भेजा गया। वीजा आवेदन पर रिफ्यूजल आई सरबजीत सिंह ने बताया कि बाद में दिल्ली से चन्नप्रीत के वीजा आवेदन पर रिफ्यूजल (वीजा अस्वीकृति) आ गई। इसके बाद आरोपी लगातार विदेश भेजने का झांसा देता रहा और हर बार नए बहाने बनाकर समय टालता रहा। जब परिवार ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसने पैसे लौटाने में भी आनाकानी शुरू कर दी। पैसे वापस नहीं करने का लगाया आरोप आरोप है कि काफी इंतजार और कई बार मांग करने के बावजूद न तो पैसे वापस किए गए और न ही विदेश भेजने का वादा पूरा किया गया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत की जांच के उपरांत थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ शेरा के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

