टांडा में स्कूटी सवार पर पलटा लोडर, दबकर मौत: सड़क पर खड़ी बालू लदी ट्राली के चलते हुआ अनियंत्रित, दूर गिरने से एक की जान बची – dasuya News
होशियारपुर के टांडा में टांडा-श्री हरगोबिंदपुर रोड पर शुक्रवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक हलवाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान उड़मुड़ निवासी रमेश कुमार उर्फ मंगा (पुत्र लाल चंद) के रूप में हुई है। इस हादसे में रमेश कुमार का साथी बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा सुबह करीब 5 बजे पुल पुख्ता के निकट पेश आया। जानकारी के अनुसार, रमेश कुमार अपने साथी हंस राज (पुत्र ढेरू राम, निवासी ऊना) के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव रड़ा की ओर काम पर जा रहा था। हंस राज ने बताया कि पुल पुख्ता से पहले छोटे पुलों के पास रेत से भरी एक ट्रॉली खड़ी थी, जिसे देखकर उन्होंने अपनी स्कूटी की रफ्तार धीमी कर ली। स्कूटी पर पीछे बैठा व्यक्ति खेत में गिरा, बची जान इसी दौरान गुरदासपुर की ओर से आ रहा लकड़ियों से लदा एक टाटा 407 वाहन सड़क पर खड़ी रेत की ट्रॉली को देखकर अनियंत्रित हो गया और सीधे उनकी स्कूटी पर पलट गया। इस हादसे में रमेश कुमार वाहन के नीचे बुरी तरह दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठा हंस राज सड़क किनारे खेत में जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से टाटा 407 के नीचे दबे रमेश कुमार के शव को बाहर निकाला। हादसे के तुरंत बाद आरोपी टाटा 407 चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।
Source link

