लुधियाना में बुलेट सवार ने ट्रैफिक कर्मी को पीटा: प्रेशर हॉर्न पर टोका तो गुस्से में पगड़ी उतारी,पीछा कर दबोचा – Ludhiana News
लुधियाना के दुगरी इलाके में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने से रोकने पर एक बुलेट सवार ने हाई-वोल्टेज ड्रामा कर दिया। आरोप है कि युवक ने पहले ट्रैफिक कर्मी से गाली-गलौज की, फिर उसका मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश की। लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया, जिसके बाद उसने धक्का-मुक्की करते हुए ट्रैफिक कर्मी की पगड़ी उतार दी। सूचना मिलने पर थाना दुगरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को बुलेट मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया। दुगरी इलाके में तैनात है ट्रैफिक मुलाजिम जानकारी देते हुए ट्रैफिक विंग में तैनात एएसआई जगविंदर सिंह ने बताया कि उनकी ड्यूटी दुगरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभालने की थी। इसी दौरान 200 फुट रोड की ओर से आ रहे एक बुलेट चालक को उन्होंने रोक लिया। जांच के दौरान पता चला कि बाइक पर नियमों के विरुद्ध प्रेशर हॉर्न लगाया गया था। लाइसेंस दिखाने को कहा तो बाइक सवार भड़का
एएसआई के अनुसार, जब उन्होंने चालक से ड्राइविंग लाइसेंस दिखाने के लिए कहा तो वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। स्थिति को देखते हुए जब ट्रैफिक कर्मी ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की तो आरोपी ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और बुलेट लेकर मौके से भागने का प्रयास किया। ट्रैफिक कर्मी ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि पकड़े जाने के बाद युवक ने ट्रैफिक कर्मी के साथ धक्का-मुक्की की और इस दौरान उनकी पगड़ी भी उतार दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना दुगरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को बुलेट मोटरसाइकिल समेत हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, ड्यूटी में बाधा डालने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
Source link

