अमृतसर में अकाली दल पुनर सुरजीत का DC को ज्ञापन: ‘पंजाब 95’ बिना कट रिलीज करने और खालड़ा मामले में कार्रवाई की मांग – Amritsar News

अमृतसर में अकाली दल पुनर सुरजीत का DC को ज्ञापन:  ‘पंजाब 95’ बिना कट रिलीज करने और खालड़ा मामले में कार्रवाई की मांग – Amritsar News




अमृतसर में अकाली दल पुनर सुरजीत के नेताओं ने मंगलवार को अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘पंजाब 95’ को बिना किसी कट-छांट के देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की मांग की गई। नेताओं ने तर्क दिया कि फिल्म को रोकने का कोई उचित कारण नहीं है और इसकी रिलीज पर रोक पंजाब के इतिहास और उससे जुड़े तथ्यों को सामने आने से रोकने जैसा है। मीडिया से बातचीत के दौरान, नेताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के उन बयानों पर आपत्ति जताई, जिनमें फिल्म की रिलीज से पंजाब का माहौल खराब होने की आशंका व्यक्त की गई थी। उनका कहना था कि फिल्म में केवल मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन, उनकी जांच और उनके साथ हुए कथित अत्याचारों को दर्शाया गया है। उन्होंने दावा किया कि फिल्म में ऐसी कोई सामग्री नहीं है, जिससे समाज में नफरत या तनाव फैलने की संभावना हो। नेता बोले- देश में पहले भी विवादित विषयों पर आधारित फिल्में रिलीज हुई नेताओं ने कहा कि देश में पहले भी कई ऐतिहासिक और विवादित विषयों पर आधारित फिल्में रिलीज हुई हैं, लेकिन उन पर इस तरह की रोक नहीं लगाई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पंजाब के इतिहास या सिख समुदाय से जुड़े मामलों की बात आती है, तब बार-बार आपत्ति क्यों की जाती है। उनका कहना था कि विदेशों में जसवंत सिंह खालड़ा के नाम पर स्कूल, पार्क और सड़कें बनाई गई हैं, जबकि उनके जीवन पर बनी फिल्म को ही भारत में रिलीज नहीं होने दिया जा रहा है। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। पहली मांग थी कि ‘पंजाब 95’ को बिना किसी कट-छांट के सभी सिनेमाघरों में रिलीज किया जाए ताकि नई पीढ़ी इतिहास के इस अध्याय से परिचित हो सके। दूसरी मांग में जसवंत सिंह खालड़ा मामले में दोषी ठहराए गए डीएसपी जसपाल सिंह को, जो पैरोल के दौरान कथित रूप से फरार हो गए थे, तुरंत गिरफ्तार कर दोबारा जेल भेजने की बात कही गई। तीसरी मांग के तहत पंजाब के संतापकाल के दौरान हुई घटनाओं और उनके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाकर सच्चाई सामने लाने की अपील की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *