लुधियाना में आम आदमी क्लीनिक में चोरी: दरवाजा तोड़कर घुसे चोर, टुल्लू पंप, स्टेबलाइजर और पानी की टोटियां चुराई – Ludhiana News
लुधियाना के सलेम टाबरी इलाके में स्थित गुरु अमरदास डिस्पेंसरी (आम आदमी क्लीनिक) को चोरों ने निशाना बनाया। अज्ञात चोर रात के समय क्लीनिक का दरवाजा तोड़कर टुल्लू पंप, स्टेबलाइजर और पानी की टोटियां चोरी कर ले गए। वहीं जाते-जाते क्लीनिक के अंदर भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस को दी शिकायत में डॉ. आकाशदीप सिंह निवासी हाथी मंदिर के नजदीक, इस्लामगंज, लुधियाना ने बताया कि 9 और 10 जून 2026 की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति गुरु अमरदास डिस्पेंसरी स्थित आम आदमी क्लीनिक में घुस गए। दरवाजा तोड़कर दाखिल हुए चोर आरोपियों ने क्लीनिक का अंदर वाला दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद वहां से एक मोटर टुल्लू पंप, फ्रिज का स्टेबलाइजर तथा करीब आठ पानी की टोटियां चोरी कर लीं। चोरी के अलावा आरोपियों ने क्लीनिक के अंदर रखे दो वॉश बेसिन, तीन दरवाजों और एल्यूमीनियम की मेज के दराजों में भी तोड़फोड़ की। घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। यहां बता दे कि चोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इस इलाके में अक्सर नशेड़ी घूमते है जो आए दिन किसी ना किसी चोरी की वारदात को अंजाम देते है। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source link

