पर्यावरण संरक्षण के लिए पुराने पेड़ों की सुरक्षा समय की जरूरत : दीपक – Malerkotla News
भास्कर न्यूज| मालेरकोटला सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोगीवाल में सांझ केंद्र मालेरकोटला और सांझ केंद्र अहमदगढ़ के सहयोग से पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सहायक लोक संपर्क अधिकारी दीपक कपूर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल नए पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सदियों पुराने पेड़ों की सुरक्षा और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों को उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। दीपक कपूर ने कहा कि हाल ही में पटियाला जिले के एक गांव में सदियों पुराने पीपल के पेड़ों की अवैध कटाई से अनेक पक्षियों के घोंसले नष्ट हो गए और कई पक्षी मर गए। उन्होंने कहा कि इस मामले में वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत दर्ज पुलिस केस यह संदेश देता है कि प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध कटाई की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। मौके पर प्रिंसिपल आरती गुप्ता, नेशनल अवार्डी प्रेम सिंह, लेक्चरर गुरजीवन सिंह, कुलदीप सिंह, खलील मोहम्मद, जरनैल सिंह, हरजीत कौर, राजेश कुमार, कुनाल कपूर, दविंदर सिंह, रमनदीप सिंह उपस्थित थे।
Source link

