लुधियाना में निहंगों ने शिवसेना चेयरमैन की गाड़ी घेरी: शीशा तोड़ा, नारेबाजी की; टंडन बोले- मुझ पर जानलेवा हमला किया गया – Ludhiana News
लुधियाना में सोमवार को शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन की पायलट गाड़ी को कुछ निहंग सिंहों ने रोक लिया। उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। इससे माहौल तनावपूर्ण बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने फौरन निहंगों को संभाला और राजीव टंडन की गाड़ी को आगे निकाला। इस घटना से नाराज शिवसेना नेता और कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर के ऑफिस के बाहर धरना लगा दिया और नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला किया है। उन पर कार्रवाई की जाए। हालांकि, कमिश्नर के समझाने पर वे मान गए। हंगामे के दौरान गाड़ी का शीशा तोड़ने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसका नाम दानिश कपूर है। पुलिस का कहना है कि उस पर पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। इन्फ्लुएंसर के खिलाफ धरना दे रहे थे निहंग यह घटना फ्रेंड्स रीजेंसी के पास हुई। यहां विभिन्न सिख जत्थेबंदियां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चेतन शर्मा के खिलाफ धरना दे रही थीं। इसी दौरान राजीव टंडन अपने दफ्तर की ओर निकले। वह पायलट गाड़ी में थे। वहां से गुजर रहे राजीव टंडन को उनकी पायलट गाड़ी में निहंगों ने पहचान लिया गया। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी के आगे खड़े होकर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, जिसके बाद CIA-1 और स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। इसी दौरान निहंग गाड़ी पर टूट पड़े और उनमें से एक ने गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर ही निहंग को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा घेरे में राजीव टंडन के काफिले को वहां से रवाना कराया। राजीव टंडन ने कृपाण बैन की मांग की राजीव टंडन का कहना है कि पुलिस से आवश्वासन मिला है कि उन्होंने बंदा राउंडअप कर लिया है। उसके खिलाफ शिकायत देने पर पर्चा दर्ज होगा। राजीव टंडन का कहना है कि हमें शिकायत नहीं देनी है। हमारी एक ही मांग है कि कृपाण पर बैन लगाया जाए। उनका कहना है कि शिवसेना के नेताओं को कोई कृपाण मार दे, इससे फर्क नहीं पड़ता है, लेकिन ये रोजाना लोगों को काट रहे हैं, इसलिए वह कृपाण पर बैन लगाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्दी ही शिवसेना इस संबंध में मीटिंग कर रही है और फिर आगे की रणनीति तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि आज उन पर जो हमला हुआ वह सिर्फ खुद को दिखाने के लिए था। टंडन बोले- मुझ पर किया जानलेवा हमला राजीव टंडन ने यह भी आरोप लगाया कि उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय पर हस्तक्षेप नहीं करती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राजीव टंडन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सार्वजनिक स्थानों पर कृपाण लेकर चलने को लेकर सख्त नियम लागू करने की मांग की थी। उनकी इस टिप्पणी के बाद से विवाद बना हुआ है। प्रदर्शनकारी बोले- सिख महापुरुषों का अपमान किया प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर सिख धर्म से जुड़े महापुरुषों का अपमान किया गया है। इसके खिलाफ शिकायत देने के लिए सीपी दफ्तर पहुंचे तो उन्हें वहां पर बैठाया गया। बाद में उन्हें कहा गया कि सीपी साहब गवर्नर ड्यूटी पर चले गए। उन्होंने कहा कि इसी रोष के कारण उन्होंने डीसी दफ्तर के बाहर चक्का जाम किया। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई नहीं की तो पक्का मोर्चा लगाया जाएगा और पूरे पंजाब में इसका विरोध होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता है कि यहां गवर्नर का रूट है। उन्हें अब पुलिस वालों ने कहा कि यहां से पीछे हो जाओ, यहां पर गवर्नर का रूट है। उन्होंने कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होती वो प्रदर्शन करते रहेंगे।
Source link

