अबोहर में चोरी के शक में मजदूर को पीटा: घर से उठाकर ले गए, बंधक बनाया, हाथ-पांव बांधे; पीसीआर पुलिस ने छुड़ाया – Abohar News
अबोहर के गांव किल्लियांवाली में चोरी के शक में एक मजदूर को कथित तौर पर घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के एक बिजली मैकेनिक ने अपने साथियों के साथ मजदूर के हाथ-पांव बांध दिए और लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की। सूचना मिलने पर पीसीआर टीम ने घायल को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। घायल गुरमीत सिंह (35) पुत्र राज सिंह ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले उसने गांव के बिजली मैकेनिक अमरजीत सिंह को अपना पंखा और कूलर ठीक कराने के लिए दिए थे। मंगलवार सुबह वह अपना सामान लेने उसकी दुकान पर पहुंचा, लेकिन वहां मैकेनिक मौजूद नहीं था और उसका पंखा व कूलर भी नहीं मिले। आरोपियों ने पीड़ित को लोहे की रॉड से पीटा गुरमीत का आरोप है कि कुछ देर बाद अमरजीत सिंह अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और उसे जबरन अपने घर ले गया। वहां उस पर दुकान से चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके हाथ-पांव बांध दिए गए और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पहले गांव के सरपंच को मौके पर भेजा, लेकिन आरोपियों ने गुरमीत को नहीं छोड़ा। इसके बाद पीसीआर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को छुड़ाकर उपचार के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल की मेडिकल-लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) तैयार कर पुलिस को भेज दी है। थाना खुईयां सरवर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

