लुधियाना-बर्थडे पार्टी में छत से गिरकर युवक की मौत: भाई का आरोप-विवाद के बाद धक्का दिया; पुलिस ने मकान मालिक-दोस्तों से की पूछताछ – Ludhiana News
लुधियाना के जमालपुर इलाके में मंगलवार रात एक बर्थडे पार्टी के दौरान 28 वर्षीय युवक गोविंदा की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आज सुबह युवक की मौत की खबर मिलते ही थाना जमालपुर पुलिस की भारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस मकान मालिक को (जिसके घर पर पार्टी चल रही थी) और पार्टी में शामिल दोस्तों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे मौके पर ही गहनता से पूछताछ की जा रही है। मृतक युवक पेशे से मजदूर (लेबर) था और अपने परिवार का मुख्य सहारा था। भाई का गंभीर आरोप- रंजिश के तहत छत से नीचे फेंका मृतक के भाई राहुल ने पुलिस को दिए बयानों में सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। राहुल के अनुसार, मंगलवार रात गोविंदा अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए गया था। वहां पार्टी के दौरान मौजूद कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर उसका तीखा विवाद हो गया। राहुल का आरोप है कि इसी कहासुनी और रंजिश के चलते पार्टी में शामिल कुछ लोगों ने साजिश के तहत गोविंदा को छत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौत हो गई। घर का बड़ा बेटा था गोविंदा, अभी नहीं हुई थी शादी परिजनों ने रोते हुए बताया कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं है, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। गोविंदा अभी अविवाहित था और घर का सबसे बड़ा बेटा होने के नाते पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। वह मेहनत-मजदूरी करके अपने माता-पिता और छोटे भाई का पेट पाल रहा था। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। दूसरा पक्ष बोला- कोई झगड़ा नहीं हुआ, नशे में संतुलन बिगड़ने से गिरे दूसरी ओर मामले में दूसरे पक्ष के युवक त्रतिक ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। त्रतिक का दावा है कि बर्थडे पार्टी में माहौल पूरी तरह शांत था और किसी भी तरह का कोई झगड़ा या गाली-गलौज नहीं हुई थी। उसने पुलिस को बताया कि गोविंदा ने अत्यधिक शराब पी रखी थी और वह पूरी तरह नशे में था। छत पर टहलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। त्रतिक ने कहा कि उन पर लगाए जा रहे हत्या के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और गलत हैं। एक्शन में पुलिस: मौके पर ही पूछताछ आज सुबह जैसे ही पुलिस को घटना की आधिकारिक सूचना मिली अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि जिस घर में पार्टी चल रही थी, उसके मालिक और उस वक्त मौजूद तमाम प्रत्यक्षदर्शियों व दोस्तों से यह जानने का प्रयास कर रही है कि रात को असल में क्या हुआ था और विवाद की क्या वजह थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की क्रॉस-वेरिफिकेशन के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

