पठानकोट में ई-रिक्शा चालकों को RTO की नसीहत: परमिट सीमा से बाहर गाड़ी न चलाएं, अपने पास पूरे दस्तावेज रखें – Pathankot News
पठानकोट में आज रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) पठानकोट ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा चालकों के लिए एक जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन पठानकोट की सीमा के भीतर चलाया गया, जिसका उद्देश्य चालकों को मोटर वाहन नियमों के प्रति जागरूक करना था। अभियान के दौरान, असिस्टेंट ट्रांसपोर्ट ऑफिसर शालू हरचंद और ट्रैफिक इंचार्ज ASI ब्रह्म दत्त ने मौके पर चालकों से बातचीत की। उन्होंने चालकों को मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 और उसके तहत बनाए गए नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में जानकारी दी। RTO अफसर ने की रिक्शा मालिकों और ड्राइवरों से अपील RTO पठानकोट के शंकर शर्मा (PCS) ने सभी ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा चालकों/मालिकों से अपील की। उन्होंने कहा कि वे परमिट की शर्तों का सख्ती से पालन करें और अपनी गाड़ियां केवल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन पठानकोट की अधिकृत सीमा के भीतर ही चलाएं। शर्मा ने यह भी निर्देश दिए कि चालक अपने रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), फिटनेस सर्टिफिकेट (जहां लागू हो), पॉल्यूशन कंट्रोल सर्टिफिकेट (PUC), बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा वैध रखें। शर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, आम जनता में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मोटर व्हीकल एक्ट का प्रभावी ढंग से पालन करवाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के जागरूकता और प्रवर्तन अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।
Source link

