गुरदासपुर में धोबी घाट पर लगी आग: 10 लाख रुपए सामान के नुकसान का दावा, पीड़ितों ने कब्जे की रंजिश का आरोप लगाया – Batala News
गुरदासपुर के इस्लामाबाद मोहल्ला स्थित धोबी घाट पर टेंट का सामान और कपड़े जल गए। इस घटना में करीब 10 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। पीड़ित धोबियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित धोबियों के अनुसार, धोबी घाट पर धुलने के लिए आए कपड़े, टाट और चादरें आग की चपेट में आ गईं। उन्होंने बताया कि लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के टेंट और चादरें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। बिसन दास, सुरिंदर कुमार और राकेश धोबी ने आरोप लगाया है कि यह जगह धोबियों को कपड़े धोने के लिए आवंटित की गई है, लेकिन कुछ लोग इस पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उन्हीं में से किसी शरारती तत्व ने इस आगजनी को अंजाम दिया होगा। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग धोबियों ने बताया कि वे रात को अपना काम खत्म करके चले गए थे। जब वे अगली सुबह धोबी घाट पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कमरे में रखे टेंट के सारे सामान और कपड़ों में आग लग चुकी थी। पीड़ितों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए। इस संबंध में गुरदासपुर पुलिस स्टेशन के इंचार्ज दविंदर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link

