अमृतसर के बाजार में शॉर्ट-सर्किट से भीषण आग लगी: 2-दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान, व्यापारियों ने बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की – Amritsar News
अमृतसर के जंडियाला गुरु के मुख्य बाजार में देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग में दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। यह घटना रात करीब 2 बजे की है। आग की चपेट में आने से एक बर्तन स्टोर और एक फ्रूट-जूस की दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक, देर रात बाजार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों दुकानों के अंदर रखा पूरा सामान जलने लगा। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। लोगों की कोशिशों के बाद आग को फैलने से रोका गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। लाखों का सामान जलकर राख इस हादसे में बर्तन स्टोर और फ्रूट-जूस की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। बर्तन स्टोर के मालिक तरुण जैन ने बताया कि यह दुकान उनके परिवार की कई पीढ़ियों की मेहनत से खड़ी हुई थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में सब कुछ राख हो गया। उन्होंने कहा कि उनका पूरा कारोबार इस आग में बर्बाद हो गया है और उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं फ्रूट और जूस की दुकान के मालिक संदीप ग्रोवर ने बताया कि रात उन्हें बाजार के लोगों से फोन आया कि उनकी दुकान में आग लग गई है। जब वह मौके पर पहुंचे तो आग पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। उन्होंने बताया कि फ्रिज, जूस मशीनें और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। अधिकारियों ने लिया नुकसान का जायजा घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष सतिंदर सिंह, उपाध्यक्ष अमन विरक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं बाजार के व्यापारियों ने बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुरानी और खुली तारों के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Source link

