संगरूर में दुकान पर पुलिस की रेड: 60 किलो चूरा पोस्त बरामद, नशा तस्कर गिरफ्तार; पुलिस की जांच जारी – Barnala News
संगरूर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुनाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक दुकान पर छापेमारी कर 60 किलोग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, थाना सिटी सुनाम के सहायक थानेदार प्रेम सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। बठिंडा रोड स्थित ड्रेन पुल के पास उन्हें गुप्त सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि अमनदीप सिंह उर्फ विक्की लंबे समय से चूरा पोस्त बेचने का धंधा कर रहा है। मुखबिर के अनुसार, आरोपी अमनदीप बाहरी राज्यों से बड़ी मात्रा में चूरा पोस्त लाकर सुनाम के बठिंडा रोड ओवरब्रिज के पास ट्राला यूनियन के नजदीक अपनी दुकान में छिपाता था और वहीं से इसकी आपूर्ति करता था। इस सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस ने तुरंत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी गिरफ्तार छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ विक्की को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी दुकान की तलाशी लेने पर वहां से 60 किलोग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से नशीले पदार्थ की खरीद और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह खेप किस राज्य से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गहन जांच चल रही है और आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सके।
Source link

