लुधियाना में डेयरी का शटर तोड़कर चोरी वीडियो: गल्ला उड़ा ले गए चोर,हाथों से ही उखाड़ दिया शटर, नीचे लेटकर अंदर घुसा चोर – Ludhiana News
लुधियाना के गिल गाँव इलाके में चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बाबा शहीदां वाले चौक स्थित ‘काका डेयरी’ को चोरों ने अपना निशाना बनाया। हैरत की बात यह है कि चोरों ने किसी औजार से नहीं, बल्कि हाथों से ही शटर उखाड़ दिया और गल्ले से 10 हजार रुपए की नकदी साफ कर गए। इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें चोरों की पूरी हरकत साफ नजर आ रही है। CCTV में कैद हुई पूरी वारदात डेयरी मालिक काका ने बताया कि जब वह रोजमर्रा की तरह सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था। शक होने पर उन्होंने तुरंत अंदर जाकर गल्ला चेक किया, जो पूरी तरह से खाली था। इसके बाद जब दुकान में लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली गई, तो सारी सच्चाई सामने आ गई। सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि 4 तारीख की रात दो चोर दुकान के बाहर आते हैं। उन्होंने अपने हाथों से ही जोर लगाकर शटर को ऊपर की तरफ उखाड़ दिया। इसके बाद वे दोनों वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वापस लौटे। दो फोटो देखो…. एक नीचे से रेंगकर अंदर घुसा, दूसरा दे रहा था पहरा CCTV फुटेज के अनुसार, शटर थोड़ा ऊपर उठने के बाद एक चोर नीचे लेटकर रेंगते हुए दुकान के अंदर दाखिल हो गया। वह सीधा गल्ले के पास पहुंचा और उसमें रखा सारा कैश लेकर बाहर भाग गया। अंदर घुसे चोर ने कुर्ता-पजामा पहना हुआ था, ऊपर वास्केट (बास्केट) डाली थी और सिर पर पीले रंग का रुमाल रखा हुआ था। वहीं, उसका दूसरा साथी पैंट-शर्ट में था और उसने एक साइड बैग टांगा हुआ था। पुलिस को नहीं दी शिकायत इस घटना को लेकर दुकानदार ने पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी है। डेयरी मालिक काका का कहना है कि नुकसान ज्यादा नहीं हुआ है, इसलिए वे शिकायत दर्ज नहीं करवा रहे।फिलहाल इलाके में घटना का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद अन्य दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
Source link

