हाई अलर्ट के बीच पठानकोट में झपटमार गैंग एक्टिव: 2 महीने में 9 स्नैचिंग, 1 वारदात ट्रेस, 7 मामलों में अज्ञात स्नैचर पुलिस गिरफ्त से बाहर – Pathankot News

हाई अलर्ट के बीच पठानकोट में झपटमार गैंग एक्टिव:  2 महीने में 9 स्नैचिंग, 1 वारदात ट्रेस, 7 मामलों में अज्ञात स्नैचर पुलिस गिरफ्त से बाहर – Pathankot News




अमरनाथ यात्रा के चलते हाई अलर्ट के बीच पठानकोट में झपमार गैंग एक्टिव है। आए दिन शहर में स्नैचिंग की वारदातें हो रही हैं। जिससे शहरवासी खौफजदा है। बता दें, पठानकोट में पिछले 2 महीने में झपटमारी की 9 वारदातें हो चुकी हैं। पुलिस इनमें से केवल एक मामले को सुलझा पाई है और एक महिला को काबू किया है।
इसके अलावा बाकी 8 मामलों में अज्ञात के खिलाफ मामला तो दर्ज हुआ पर पुलिस उन तक पहुंचने में अभी तक नाकाम साबित हुई है। ये हालात तब हैं जब शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स का दिन-रात पहरा है।
अब, ताजा मामला शहर के लमीनी इलाके में सामने आया जहां अपने पति और बच्चे के साथ बाइक पर जा रही महिला इन झपटमारों का शिकार बनी। पुलिस ने एक बार फिर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। होशियारपुर के परिवार के साथ हुई वारदात
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता सिकंदर सिंह निवासी गांव देगवाल, थाना हाजीपुर, जिला होशियारपुर ने बताया कि वह 4 जुलाई को अपनी पत्नी ज्योति डोगरा और अपने बेटे के साथ पठानकोट के लमीनी इलाके में अपनी मौसी के घर आए थे। 5 जुलाई को दोपहर करीब 2:45 पर जब सिकंदर सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ अपनी मोटरसाइकिल नंबर: PB 07-0905 स्प्लेंडर पर सवार होकर वापस अपने घर जा रहे थे, तभी लमीनी स्टेडियम के पास पीछे से एक स्कूटी पर सवार दो अज्ञात नौजवान आए।
बाली झपटी और सड़क पर गिरा परिवार
सिकंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर जोती डोगरा के बाएं कान की सोने की बाली जबरन खींच ली। झटके के कारण मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और सिकंदर सिंह, उनकी पत्नी व बच्चा सड़क पर गिर गए। आरोपियों के भागने के बाद, घायल अवस्था में पीड़ित परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर अज्ञात स्नैचरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
4 जुलाई को दर्ज हुए 2 मामले
सुजानपुर के शहीद भगत नगर की रहने वाली सुमन देवी ने 4 जुलाई को पुलिस को बयान दर्ज करवाया कि वह अपनी बहू शिवांगी के साथ स्कूटी पर निजी काम के लिए सुजानपुर जा रहे थे। वह जब गांव छोटेपुर मोड़ के पास पहुंचे तो 2 अज्ञात युवक स्कूटी पर पीछे से आए। स्कूटी के पीछे बैठा व्यक्ति झपटा मारकर उसके कान से सोने की बाली छीनकर स्कूटी को पीछे मोड़कर भाग गए। उन्होंने उनका पीछा किया, लेकिन वे काबू नहीं आए। सुजानपुर थाने की पुलिस ने शिकायत मिलने पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं, जुलाई को ही दर्ज किए गए दूसरे मामले के अनुसार जम्मू निवासी गीता ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया कि वो बहन की लड़की दीया के साथ स्कूटी पर बाजार गए थे। वह वापस आते वक्त शाहपुर चौक में नारियल पानी पीने लगे। इस दौरान एक महिला स्कूटी पर आई जो उसकी स्कूटी के आगे टांगे उसके लिफाफे को छीनकर ले गई।
इधर, थाना डिवीजन नंबर 1 पुलिस ने महिला की शिकायत पर जालंधर निवासी पूजा के खिलाफ 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गई महिला पठानकोट में रह रही थी। पीड़ित महिला के मुताबिक उसके बैग में पड़े पर्स में 2 हजार रुपए, सोने की चेन सेट ढाई तोले सोना था।
सिलसिलेवार दर्ज किए गए 6 अन्य मामले
पहला केस: जून महीने में बाइक सवार 2 स्नैचर पठानकोट-सुजानपुर रोड पर छोटेपुर के पास सुजानपुर के पूर्विया मोहल्ला के रहने वाले रिश्तेदार सुरिंद्र कुमार के साथ स्कूटी के पीछे बैठकर जा रही भाभी सुषमा देवी की सोने की बालियां छीनकर फरार हो गए थे। स्कूटी का बैलेंस बिगड़ने से स्कूटी सवार रिश्तेदार और महिला दोनों गिरकर जख्मी हो गए थे।
दूसरा केस: 6 जून शनिवार को मिशन रोड पर बाइक सवार तीन स्नैचर गुरुद्वारे में माथा टेककर पैदल लौट रही बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बाली झपटकर फरार हो गए थे। मोहल्ला घरथौली की रहने वाली बुजुर्ग महिला सुदेश कुमारी ने बताया कि वह पैदल ही घर से मिशन स्थित गुरुद्वारे में माथा टेकने गई थी। वह माथा टेककर पैदल घर लौट रही थी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर तीन युवक उसके पीछे से आए। इस दौरान मोटरसाइकिल पर बैठा एक युवक उसके कान से झपटा मारकर सोने की एक बाली छीनकर फरार हो गए थे।
तीसरा केस: 12 जून को बाइक सवार स्नैचर रेलवे ब्रिज भरोली कलां के पास घरथौली मोहल्ला निवासी पति प्रभूदयाल के साथ स्कूटी पर दवा लेकर लौट रही पत्नी सुदेश कुमारी की सोने की बाली झपटकर फरार हो गए थे।
चौथा केस: जून महीने में ही स्नैचर सैनिक मंदिर के सामने अबरोल नगर मोड़ गुरदासपुर रोड पर सुजानपुर के मोहल्ला शेखां निवासी बेटा कुनाल के साथ स्कूटी एक्टिवा के पीछे बैठकर जा रही बुजुर्ग महिला निर्मला की सोने की दोनों बालियां और सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे।
पांचवां केस: मई महीने में बाइक सवार स्नैचर गोसाईंपुर रोड पर दवा लेकर पति के साथ स्कूटी पर लौट रही महिला की सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए थे। महिला और उसका पति मिलिट्री अस्पताल से दवा लेकर लौट रहे थे। गोसाईंपुर रोड पर वारदात हो गई थी। उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई थी। सुजानपुर थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
छठा केस: जुलाई महीने में जम्मू से पठानकोट पहुंचे व्यक्ति मीर सिंह ने बस स्टैंड पर जाने के लिए ऑटो किया तो उसमें सवार तीन लोग उसे सुनसान जगह पर ले गए और धमकाकर मोबाइल और एटीएम कार्ड छीनकर फरार हो गए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *