अबोहर में बिना बारिश गलियां बनीं नाले: सीवरेज जाम से भरा दूषित पानी; लोगों ने किया प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी दी – Abohar News

अबोहर में बिना बारिश गलियां बनीं नाले:  सीवरेज जाम से भरा दूषित पानी; लोगों ने किया प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी दी – Abohar News




अबोहर शहर में मानसून से पहले ही सीवरेज व्यवस्था की खामियां सामने आने लगी हैं। आर्य नगरी-नई आबादी की बड़ी पौड़ी स्थित गली नंबर-1 और आसपास की गलियां सीवरेज जाम होने के कारण दूषित पानी से भर गई हैं। इस समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर रविवार को मोहल्लावासियों ने सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना बारिश के यह स्थिति है, तो मानसून शुरू होने के बाद हालात और भी गंभीर हो जाएंगे। लोगों को आशंका है कि बारिश के दौरान पूरा इलाका जलभराव की चपेट में आ जाएगा। मोहल्ला निवासी राजेश गुप्ता और अन्य लोगों ने बताया कि वार्ड नंबर-32 के अधीन आने वाली बड़ी पौड़ी गली नंबर-1 में सीवरेज जाम की यह समस्या कई वर्षों पुरानी है। कुछ समय पहले इसका समाधान किया गया था, लेकिन अब सीवरेज फिर से ओवरफ्लो होने लगा है, जिससे गलियों में दूषित पानी जमा हो गया है। निवासियों के अनुसार, कई घरों के बाहर पानी भरा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को प्रतिदिन इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। धरना दिया, आश्वासन मिला, फिर भी नहीं हुआ स्थायी समाधान मोहल्लावासियों का कहना है कि वे कई बार नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी समस्या को लेकर 6 मई को नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना भी दिया गया था। उस समय अधिकारियों ने जल्द समाधान का भरोसा देकर धरना समाप्त करवा दिया था। लेकिन कुछ ही समय बाद हालात फिर पहले जैसे हो गए। लोगों ने बताया कि गलियों में लंबे समय से जमा दूषित पानी के कारण मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे दोबारा बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *