लुधियाना में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत: गले में लिपटा मिली चुन्नी, दहेज हत्या के आरोप, पति गिरफ्तार, सास व 2 ननदों पर भी केस – Ludhiana News

लुधियाना में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत:  गले में लिपटा मिली चुन्नी, दहेज हत्या के आरोप, पति गिरफ्तार, सास व 2 ननदों पर भी केस – Ludhiana News




लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में 30 वर्षीय विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। महिला अपने ससुराल घर में मृत पाई गई, जहां उसके गले में चुन्नी लिपटी हुई थी। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास और दो ननदों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। 14 सितंबर 2022 को हुई थी महिला की शादी शिमलापुरी के मोहल्ला नानकसर निवासी चेतना (30) की शादी 14 सितंबर 2022 को हरजिंदर सिंह के साथ हुई थी, जो पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत है। शादी के बाद से चेतना अपने ससुराल में रह रही थी। मृतका की मां सुनीता रानी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाता था। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के सदस्य लगातार नकदी और घरेलू सामान की मांग करते थे, जिसे उनका परिवार पूरा करने में सक्षम नहीं था। मां बोली- बिस्तर पर पड़ा था शव गले में पड़ी थी चुन्नी सुनीता रानी के अनुसार 1 जुलाई की रात करीब 11:15 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वह ससुराल पहुंचीं, जहां उन्होंने चेतना को बिस्तर पर मृत अवस्था में देखा। उसके गले में चुन्नी कसकर लिपटी हुई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष ने चेतना की गला घोंटकर हत्या की है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना शिमलापुरी पुलिस ने पति हरजिंदर सिंह, उसकी मां तथा दो बहनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज कर लिया। पति गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की हो रही जांच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच अधिकारी एएसआई सलविंदर पाल ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *