अमृतसर में अवैध हथियारों समेत 2 युवक काबू: 4 ग्लॉक पिस्टल और 9 मैगजीन बरामद; कोर्ट ने रिमांड पर भेजा – Amritsar News
अमृतसर जिले में देहात पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव जंजोटी में कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार समेत 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता मान रही है। जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियार लेकर इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध युवकों को रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 4 ग्लॉक पिस्टल और 9 मैगजीन बरामद हुईं, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेजा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है ताकि उनसे गहन पूछताछ की जा सके। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद किए गए हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था और इसके पीछे कौन-सा गिरोह या नेटवर्क सक्रिय है। तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश कर रिमांड बढ़ाने की मांग की जाएगी, ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। अमृतसर देहात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
Source link

