अबोहर में नाले में मिला अज्ञात युवक का शव: 2-3 दिन पुराना होने से पहचान मुश्किल, 35 साल उम्र, कुर्ता पायजामा पहने हुए है – Abohar News
अबोहर के गांव घल्लू के निकट कस्सी नंबर-13 में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही खुईखेड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समाजसेवी संस्था ‘नर सेवा नारायण सेवा समिति’ के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। समाजसेवी संस्था की मदद से निकाला गया शव जानकारी के अनुसार, ‘नर सेवा नारायण सेवा समिति’ के मुख्य सेवादार राजू चराया को एक राहगीर ने कस्सी में एक शव फंसे होने की सूचना दी थी। इसके तुरंत बाद समिति के सदस्य सोनू ग्रोवर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खुईखेड़ा पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही हवलदार अंग्रेज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। दो से तीन दिन पुराना है शव, पहचान अभी बाकी पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष प्रतीत हो रही है और उसने कुर्ता-पायजामा पहना हुआ है। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि यह करीब दो से तीन दिन पुराना है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के थानों और क्षेत्रों में मृतक की तस्वीरें व हुलिया भेजकर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शिनाख्त होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।” फिलहाल खुईखेड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
Source link

