गुरदासपुर बाजार में महिला का मोबाइल चोरी: पहचान छुपाने के लिए आरोपी ने सड़क पर ही बदली शर्ट – Batala News

गुरदासपुर बाजार में महिला का मोबाइल चोरी:  पहचान छुपाने के लिए आरोपी ने सड़क पर ही बदली शर्ट – Batala News




गुरदासपुर शहर के सबसे व्यस्त और मुख्य बाजार क्षेत्र हनुमान चौक पर दिनदहाड़े चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस की गश्त और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजार में खरीदारी करने आई एक महिला की स्कूटी के डैशबोर्ड से दो शातिर बाइक सवार युवक उसका महंगा मोबाइल फोन उड़ाकर रफूचक्कर हो गए।
शातिर चोरों की चालाकी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद पहचान छुपाने के लिए एक आरोपी ने बीच सड़क पर ही अपनी शर्ट बदल डाली। इस दुस्साहसिक चोरी के बाद पूरे बाजार के दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत का माहौल है। पर्स निकालने लगी महिला, चोरों ने उड़ाया फोन पीड़ित महिला नेहा ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। नेहा ने बताया कि वह हनुमान चौक स्थित मुख्य बाजार में घरेलू सामान की खरीदारी करने आई थी। उसने बाजार में अपनी स्कूटी खड़ी की और अपना कीमती मोबाइल फोन आगे बने डैशबोर्ड में रख दिया।
इसके बाद जैसे ही वह स्कूटी की डिक्की खोलकर उसमें से अपना पर्स निकालने लगी, तभी पीछे से घात लगाकर आए बाइक सवार दो युवकों ने मौका ताड़ा। उन्होंने पलक झपकते ही डैशबोर्ड में हाथ डाला, मोबाइल निकाला और बाइक की रफ्तार तेज कर बाजार की भीड़भाड़ में गायब हो गए। यह पूरी वारदात महज कुछ ही सेकेंडों में हुई, जिससे पीड़ित महिला को शोर मचाने या संभलने का मौका तक नहीं मिला।
काफी देर से कर रहे थे पीछा, बीच सड़क बदली शर्ट
इस पूरी वारदात के प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय दुकानदार रवि और अजय कुमार ने बताया कि दोनों बाइक सवार युवक काफी देर से बाजार में महिला का पीछा कर रहे थे और लगातार उस पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही महिला का ध्यान भटका, उन्होंने तुरंत हाथ साफ कर दिया।
दुकानदारों के अनुसार, वारदात को अंजाम देकर भागते समय आरोपियों में से एक युवक ने पुलिस और सीसीटीवी कैमरों को चकमा देने के लिए चलती सड़क पर ही अपनी शर्ट उतारकर दूसरी शर्ट पहन ली, ताकि कोई हुलिये से उन्हें पहचान न सके। 112 नंबर पर दी सूचना; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सुरक्षा पर सवाल: शहर का हनुमान चौक सबसे व्यस्त इलाका माना जाता है, जहां हर समय सैकड़ों लोगों की मौजूदगी और पुलिस की तैनाती का दावा किया जाता है। ऐसे वीआईपी जोन में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी की पोल खोल दी है।
वारदात के तुरंत बाद पीड़ित महिला नेहा ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की पीसीआर टीम और संबंधित थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित महिला और दुकानदारों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाजार और आसपास के चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि चोरों के रूट का पता लगा लिया गया है और जल्द ही दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *