जिलेभर में 3 दिन में 2.17 लाख बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के तीसरे और अंतिम दिन मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने नवजात से लेकर 5 साल तक के 51,367 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई। सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने बताया कि अभियान के आखिरी दिन टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 2,36,711 घरों को कवर किया। वहीं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सिमरनजीत कौर ने खुद विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कुल 2,23,754 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य रखा था। पिछले तीन दिनों में पोलियो टीमों ने रिकॉर्ड 5,51,846 घरों का सर्वे कर कुल 2,17,041 बच्चों को दवा पिलाई और निर्धारित लक्ष्य का 97 प्रतिशत सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने इस शानदार सफलता के लिए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सिमरनजीत कौर और उनकी पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि अभियान के दौरान किसी भी कारण से कोई बच्चा दवा पीने से वंचित रह गया है, तो स्वास्थ्य कर्मी उनसे संपर्क कर हर हाल में पोलियो ड्रॉप्स पिलाना सुनिश्चित करें। जालंधर| लाजपत नगर स्थित गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान में छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े कई आधुनिक स्किल आधारित कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। संस्थान में उपलब्ध विभिन्न कोर्सों की बात करें तो कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) में 48 सीटें हैं, जो कि 10वीं पास योग्यता के साथ एक वर्षीय कोर्स है। फैशन डिजाइनिंग एंड टेक्नोलॉजी में 40 सीटें (1 वर्ष) उपलब्ध हैं। ड्रेस मेकिंग और सिलाई (सिविंग टेक्नोलॉजी) में 40-40 सीटें तथा सरफेस ऑर्नामेंटेशन टेक्निक्स (कढ़ाई) ट्रेड में 20 सीटें हैं, जिनमें 8वीं पास विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं। इसके अलावा कॉस्मेटोलॉजी में 24 सीटें (1 वर्ष) और सीएनसी मशीन टेक्नीशियन में 24 सीटें (2 वर्ष) हैं, जिनमें 10वीं पास छात्र दाखिला ले सकते हैं।
Source link

