होशियारपुर के कंडी नहर में मिला बुजुर्ग का शव: दोस्त लापता, सोमवार दोपहर को दोनों साथ निकले थे, पटरी पर पड़ी मिली बाइक – dasuya News
होशियारपुर के दसूहा हलके में सोमवार देर शाम कंडी नहर से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव नगल बिहाला निवासी रविंदर सिंह के रूप में हुई है। वहीं, रविंदर सिंह के साथ घर से निकला उनका दोस्त सुखदेव सिंह अभी भी लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस और परिजन जुटे हुए हैं। दोपहर को घर से निकले थे दोनों दोस्त परिजनों के मुताबिक, गांव नगल बिहाला निवासी 65 वर्षीय रविंदर सिंह (पुत्र फकीर चंद) सोमवार दोपहर को अपने दोस्त सुखदेव सिंह के साथ किसी काम के सिलसिले में घर से निकले थे। जब देर शाम तक दोनों वापस घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने अपने स्तर पर दोनों की तलाश शुरू की। जंगल के पास मिला मोटरसाइकिल, नहर में तैरता दिखा शव खोजबीन के दौरान परिजनों को मावा बांधा के जंगल के पास कंडी कनाल नहर के किनारे उनका मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ा मिला। इसके कुछ ही देर बाद, परिजनों को आगे गांव बडला के पास नहर के पानी में एक शव उतरता हुआ दिखाई दिया। मौके पर जाकर जब शव को देखा गया, तो उसकी पहचान रविंदर सिंह के रूप में हुई। जबकि सुखदेव सिंह सोमवार दोपहर से ही गायब हैं। लापता सुखदेव सिंह की तलाश में जुटी पुलिस रविंदर सिंह का शव मिलने के बाद से उनके दोस्त सुखदेव सिंह का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और स्थानीय लोग नहर के आसपास और संभावित ठिकानों पर सुखदेव सिंह की तलाश कर रहे हैं। इस मामले में संसारपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज व जांच अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस को कंडी नहर से बुजुर्ग का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लापता सुखदेव सिंह के परिवार से भी लगातार बातचीत की जा रही है और उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि यह कोई हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है।
Source link

