बटाला में देर रात पुलिस और नामी बदमाश में मुठभेड़: मुख्य शूटर के पैर में लगी गोली, एक साथी 2 दिन पहले एनकाउंटर में गिरफ्तार – Pathankot News
बटाला में पुलिस टीम और एक शूटर के बीच शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले बटाला के एक नामी कपड़ा व्यापारी के घर को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसी मामले में पुलिस ने 24 जून की रात को इसी मामले के एक अन्य आरोपी बलदेव सिंह को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
दरअसल, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले बलदेव सिंह और अब रवि सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। रविवार रात दो बजे की थी फायरिंग
बता दें कि बटाला में कारोबारी से रंगदारी मांगने को लेकर रविवार देर रात करीब 2 बजे कादियां रोड स्थित न्यू टॉप सिटी कॉलोनी में एक कोठी पर अज्ञात बाइक सवारों ने छह गोलियां चलाईं गई थी। गोलियां घर के गेट और आंगन की दीवारों में लगीं।
कारोबारी वरिंदर सिंह, निवासी न्यू टॉप सिटी (कादियां रोड), ने बताया कि उन्हें पिछले काफी समय से अमन आंडा नाम के गैंगस्टर की ओर से फोन कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए 10 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की जा रही थी। पैसे न देने पर उन्हें और उनके परिवार को गोली मारने की धमकियां दी जा रही थीं। कुल 5 केस ट्रेस, आरोपी रवी पर दर्ज हैं 8 मुकदमे
एसएसपी ने बताया कि इन 5 बदमाशों की गिरफ्तारी से रंगदारी मांगने के बाद फायरिंग करने के कुल 5 मामले पूरी तरह ट्रेस हो गए हैं। घायल हुए मुख्य आरोपी रवी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि आरोपी रवी के खिलाफ पहले से कुल 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इन 8 मुकदमों में से 2 मामले एनडीपीएस एक्ट यानी नशा तस्करी के भी शामिल हैं।
विदेशी हथियारों और गैंगस्टरों की जांच जारी
मौके से पुलिस ने एक अत्याधुनिक हथियार बरामद किया है। पुलिस का अनुमान है कि यह वही हथियार है जिसका इस्तेमाल फैशन स्टोर पर फायरिंग के लिए किया गया था। यह हथियार इनके पास कहां से आया और इसके पीछे किन गैंगस्टरों का हाथ है, पुलिस इसकी बारीकी से पूछताछ कर रही है। सुरक्षा कारणों के चलते उन 5 जगहों और पीड़ितों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है जहाँ इन्होंने फायरिंग की थी, लेकिन यह सभी वारदातें सिटी बटाला इलाके की हैं। अब 5 पॉइंट्स में पढ़ें SSP ने क्या कहा:-
5 आरोपियों को किया जा चुका गिरफ्तार: एसएसपी मेहताब सिंह ने बताया कि इस पूरी वारदात में कुल पांच आरोपी शामिल थे। इनमें से सभी की पहचान कर ली गई थी और सभी को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलदेव सिंह उर्फ करण, रवि सिंह, मलकीत, शुभम और खजान सिंह के रूप में हुई है।
देर रात मुठभेड़; आरोपी के पैर में लगी गोली: एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी रवि ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपाकर रखने की बात कबूल की। पुलिस जब उसे हथियार की बरामदगी के लिए नहर किनारे लेकर गई, तो आरोपी ने छिपाकर रखे रिवॉल्वर से पुलिस पार्टी पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर है: पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी रवि के पैर में लगी। आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में मौके से 3 खोखे बरामद हुए हैं। विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। मुठभेड़ में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
विदेशी गैंगस्टरों और मददगारों को पुलिस की सीधी चेतावनी: एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे विदेश में बैठे कुछ शरारती तत्वों का हाथ है, जिन्होंने आरोपियों के जरिए इस घटना को अंजाम दिलवाया। गिरफ्तार आरोपियों ने बटाला में हुई अन्य वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।
पुलिस का संदेश बिल्कुल स्पष्ट: बटाला में अपराध या फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले तत्वों के लिए पुलिस का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है। यदि कोई कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि सिर्फ शूटरों पर ही नहीं, बल्कि विदेश में बैठकर अपराध करवाने वाले लोगों, उन्हें शरण देने वालों, हथियार उपलब्ध कराने वालों और आर्थिक मदद पहुंचाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

