अबोहर में पुलिस बनकर लूटने वाला गैंग पकड़ा गया: पंजाब-हरियाणा-राजस्थान में सक्रिय गिरोह, 4 बदमाश गिरफ्तार; वर्दी-हथकड़ी बरामद – Abohar News
जिला फाजिल्का की अबोहर पुलिस ने एक ऐसे बेहद शातिर और अनोखे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को कम समय में पैसे दोगुने करने का लालच देकर ठगी का शिकार बनाता था। यह गिरोह पहले तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर पीड़ितों को जाल में फंसाता था और फिर खुद ही ‘नकली पुलिस’ बनकर उनके लाखों रुपए लूट लेता था। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को इस गिरोह के संबंध में एक गुप्त सूचना (मुखबिर से) मिली थी, जिसके आधार पर तुरंत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से वर्दी हथकड़ी आद बरामद हुए। इस गिरोह के खिलाफ एक महिला समेत कुल आठ नामजद और कुछ अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। ऐसे देते थे वारदात को अंजाम भोले भाले लोगों को नोट दोगुना की लालच में फंसाते थे: गिरोह के मुख्य सदस्य बहाववाला निवासी भोमा राम उर्फ टुंडा और सराभा नगर निवासी करनैल सिंह भोले-भाले लोगों को नोट दोगुने करने का झांसा देते थे। शुरुआत में वे छोटी रकम को दोगुना करके दिखाते थे ताकि पीड़ितों को उन पर पूरा भरोसा हो जाए। तांत्रिक क्रियाओं का नाटक: जब पीड़ित बड़ी रकम लेकर आता, तो ज्यादा लालच देकर उसे सराभा नगर स्थित एक तय घर में बुलाया जाता था। इस घर को पहले से इसी कार्य के लिए तैयार रखा जाता था। वहां आरोपी भगवा वस्त्र पहनकर तांत्रिक क्रियाएं करने का पूरा नाटक रचते थे। फर्जी पुलिस रेड: जैसे ही तांत्रिक क्रिया शुरू होती, योजना के मुताबिक गिरोह के अन्य सदस्य पुलिस की असली जैसी वर्दी पहनकर वहां धमक जाते थे। वे खुद को पुलिस अधिकारी बताकर ‘फर्जी रेड’ का नाटक करते थे और अवैध गतिविधि में फंसाने व जेल भेजने की धमकी देकर पीड़ितों से उनकी सारी रकम छीन लेते थे। बदनामी का डर: बदनामी और कानूनी पचड़े में फंसने के डर से पीड़ित व्यक्ति पुलिस में शिकायत करने के बजाय चुपचाप मौके से भाग जाता था। इसके बाद आरोपी लूटी गई रकम को आपस में बांट लेते थे। पुलिसके अनुसार आरोपी ऐसे कई लोगों को अपना शिकार बना चुके थे। आरोपियों से क्या बरामद हुआ तीन राज्यों में फैला था नेटवर्क पुलिस जांच में इस गिरोह की कार्यप्रणाली को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार पड़ोसी राज्यों हरियाणा और राजस्थान से भी जुड़े हुए थे। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने इन राज्यों में भी ठगी की कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ कर रही है, जिससे गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी और अन्य मामलों के खुलासे की उम्मीद है।
Source link

